बैकुंठपुर स्व. डॉ. रामचन्द्र सिंहदेव कृषि महाविद्यालय एवं अनुसंधान केन्द्र, कोरिया में राष्ट्रीय सेवा योजना के तत्वावधान में विश्व पर्यावरण दिवस अधिष्ठाता डॉ. डी.के. गुप्ता के मार्गदर्शन में प्रभारी अधिष्ठाता डॉ. श्रवण यादव की अध्यक्षता एवं भानु पाल, जनभागीदारी समिति अध्यक्ष-सह- कृषि महाविद्यालय प्रतिनिधि के मुख्य आतिथ्य में हर्षोल्लास से मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ वृक्षारोपण एवं पर्यावरण संरक्षण की शपथ के साथ हुआ। इस अवसर पर महाविद्यालय के छात्र-छात्राओं एवं शिक्षकगण द्वारा आम, अमरूद, कटहल, आंवला, नींबू सहित विभिन्न प्रजातियों के पौधों का रोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया।

इस अवसर पर विद्यार्थियों को पर्यावरण संरक्षण, जलवायु परिवर्तन के प्रभावों एवं प्राकृतिक संसाधनों के सतत उपयोग के संबंध में जागरूक किया गया। साथ ही भारत सरकार द्वारा 1 जून से 30 जून तक संचालित ‘खेत बचाओ अभियान’ के बारे में जानकारी प्रदान की गई। अभियान के अंतर्गत मृदा स्वास्थ्य परीक्षण, जैविक खेती, जैविक रोग-व्याधि नियंत्रण तथा प्राकृतिक एवं जैविक खेती को बढ़ावा देने पर विशेष बल दिया गया। इस दौरान जीवामृत, बीजामृत एवं अन्य जैविक आदानों के उपयोग तथा उनकी बहुउपयोगिता के संबंध में भी जानकारी दी गई।

कार्यक्रम के अंतर्गत रंगोली, पोस्टर, गमला सजाओ एवं निबंध प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया जिनमें विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए पर्यावरण संरक्षण, जल संरक्षण, प्लास्टिक प्रदूषण नियंत्रण तथा हरित भविष्य जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर अपने विचार प्रस्तुत किये। रंगोली प्रतियोगिता में मुस्कान ने प्रथम, मनीषा सिंह ने द्वितीय तथा प्राची सिंह ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। वहीं पोस्टर प्रतियोगिता में परवाज़ शाहनवाज़ प्रथम, रितेश कुमार द्वितीय एवं रोहन कुमार साहनी तृतीय स्थान पर तथा निबंध प्रतियोगिता में साक्षी राजवाड़े प्रथम, अनूपा तिर्की द्वितीय एवं अंजुलता धनराज तृतीय स्थान पर रहे। गमला सजाओ प्रतियोगिता में याग्नी सिंह विजयी रहीं। प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को सम्मानित किया गया।

मुख्य अतिथि द्वारा कार्यक्रम में उपस्थित सभी को पर्यावरण संरक्षण की शपथ दिलाई गई तथा सभी ने अधिक से अधिक वृक्षारोपण करने एवं पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक रहने का संकल्प लिया। छात्र-छात्राओं ने पर्यावरण संरक्षण के महत्व को जन-जन तक पहुँचाने तथा स्वच्छ एवं हरित वातावरण के निर्माण में सक्रिय योगदान देने का संकल्प भी लिया।
राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) कार्यक्रम अधिकारी डॉ. राहुल आर्य ने मंच-संचालन एवं धन्यवाद-ज्ञापन किया।

इस अवसर पर नरेश सोनी, आईसेक्ट, अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के पदाधिकारी अशोक यादव, संगठन जिला मंत्री कोरिया, बलवीर पुषाम, जिला संयोजक कोरिया, अभिषेक साहू, जिला संयोजक पर्यावरण संरक्षण समिति, नीरज राजवाड़े, नगर मंत्री बैकुंठपुर, आयुषी साहू, नगर सह-मंत्री बैकुंठपुर, शुभांश कुमार सैनी सहित महाविद्यालय के प्राध्यापकगण पुनेश्वर सिंह पैकरा, डॉ. आशीष कुमार सिंह, शिक्षकगण डॉ. अमिता एक्का, डॉ. अलका मिंज, प्रियंका साहू, डॉ. चित्रलेखा श्याम, डॉ. प्रशांत कुमार एवं प्रवीण कुमार ध्रुव, शाखा अधिकारी सहित अधिकारीगण, कौशल कुमार कुशवाहा, पूनम सिंह सहित कर्मचारीगण एवं गणमान्य नागरिक प्रदीप गुप्ता, महिला उत्पीड़न निवारण समिति सदस्य सरिता गुप्ता तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्रायें उपस्थित रहे।

इससे पूर्व प्रातः काल में महाविद्यालय परिसर एवं बालक तथा बालिका छात्रावासों में गाजरघास उन्मूलन, प्लास्टिक हटाओ सहित स्वच्छता अभियान आयोजित हुआ जिसमें छात्र-छात्राओं ने बढ़-चढ़ कर सहभागिता निभाई। कार्यक्रम का समापन पर्यावरण संरक्षण, प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण एवं सतत विकास के प्रति जागरूकता के संदेश के साथ किया गया।

Please Share With Your Friends Also

By Chhattisgarh Kranti

हमारी कोशिश इस वेबसाइट के माध्यम से आप तक राजनीति, खेल, मनोरंजन, जॉब, व्यापार देश विदेश इत्यादि की ताजा और नियमित खबरें आप तक पहुंच सकें। नियमित खबरों के लिए जुड़े रहिए हमारे साथ। जय जोहार ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!