कवर्धा। जिले में गुमशुदगी की जांच के दौरान पुलिस को एक संदिग्ध गतिविधि का खुलासा हुआ है। अंबिकापुर में दर्ज एक युवती की गुमशुदगी मामले की जांच करते हुए कवर्धा पुलिस ने घोटिया बाईपास रोड स्थित एक मकान में दबिश दी, जहां से तीन युवतियां और एक युवक संदिग्ध परिस्थितियों में मिले। पुलिस ने सभी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। मामले के सामने आने के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है। कवर्धा सिटी कोतवाली थाना प्रभारी योगेश कश्यप ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि अंबिकापुर पुलिस द्वारा दर्ज गुमशुदगी प्रकरण की जांच के सिलसिले में टीम कवर्धा पहुंची थी। जांच के दौरान पुलिस को सूचना मिली कि घोटिया बाईपास रोड स्थित किरण पनागर नामक व्यक्ति के मकान में संदिग्ध गतिविधियां संचालित हो रही हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर छापेमारी की। टीआई योगेश कश्यप के मुताबिक, पुलिस जिस गुमशुदा युवती की तलाश में वहां पहुंची थी, वह मौके पर नहीं मिली। हालांकि मकान में तीन अन्य युवतियां और एक युवक मौजूद मिले, जिनकी गतिविधियां संदिग्ध प्रतीत हुईं। मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने तत्काल सभी को हिरासत में ले लिया और पूछताछ शुरू कर दी। प्रारंभिक जांच में पुलिस को जानकारी मिली है कि उक्त मकान में कथित रूप से देह व्यापार का गोरखधंधा संचालित किया जा रहा था। हालांकि पुलिस ने अभी आधिकारिक रूप से इसकी पुष्टि नहीं की है, लेकिन जांच एजेंसियां इस एंगल को ध्यान में रखते हुए पूरे मामले की बारीकी से पड़ताल कर रही हैं। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि मामला केवल गुमशुदगी तक सीमित है या इसके पीछे कोई बड़ा नेटवर्क सक्रिय है। सूत्रों के अनुसार, पुलिस ने मौके से मिले मोबाइल फोन, दस्तावेज और अन्य सामग्रियों को भी जब्त किया है। डिजिटल साक्ष्यों की जांच कर यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि इस गतिविधि से और कौन-कौन लोग जुड़े हुए हैं। पुलिस हिरासत में लिए गए युवक और युवतियों से लगातार पूछताछ कर रही है। घटना के बाद इलाके में चर्चाओं का दौर शुरू हो गया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि संबंधित मकान में लंबे समय से संदिग्ध गतिविधियों की आशंका जताई जा रही थी। वहीं पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच अभी प्रारंभिक चरण में है और सभी तथ्यों की पुष्टि के बाद ही विस्तृत खुलासा किया जाएगा। Post Views: 3 Please Share With Your Friends Also Post navigation रील बाज युवक की पुलिस ने लगाई क्लास