लखनपुर। समग्र शिक्षा के तहत शासन के निर्देशानुसार पीएम श्री शासकीय विद्यालय लखनपुर में 1 जून से 15 जून तक 15 दिवसीय समर कैंप का आयोजन किया जा रहा है। कैंप के पांचवें दिवस पर विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर विद्यार्थियों को पर्यावरण संरक्षण, संवर्धन तथा ऐतिहासिक धरोहरों से परिचित कराने के उद्देश्य से विद्यालय से लगभग 25 किलोमीटर दूर स्थित सीता बेंगरा, जोगीमाड़ा, हाथी पोल, नेचर कैंप रामगढ़ एवं राम वन गमन पर्यटन परिपथ का शैक्षणिक भ्रमण कराया गया।

इस दौरान विद्यार्थियों ने रामगढ़ की तराई में स्थित ऐतिहासिक सीता बेंगरा नाट्यशाला का अवलोकन कर भारतीय संस्कृति, कला एवं इतिहास की जानकारी प्राप्त की। वहीं जोगीमाड़ा गुफा में प्राचीन भित्ति चित्रों को देखकर उनके ऐतिहासिक महत्व को समझा। विद्यार्थियों को हाथी पोल भी ले जाया गया, जहां उन्होंने प्राकृतिक जल स्रोतों एवं भूमिगत जल निर्माण की प्रक्रिया को नजदीक से देखा और जाना।

इसके बाद विद्यार्थियों ने उदयपुर नेचर कैंप का भ्रमण कर विभिन्न वनस्पतियों, औषधीय पौधों तथा जंगली जड़ी-बूटियों के बारे में जानकारी प्राप्त की। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर आयोजित वन विभाग के कार्यक्रम में भी विद्यार्थियों, प्राचार्य एवं शिक्षकों को मंच प्रदान किया गया, जहां पर्यावरण संरक्षण एवं संवर्धन के संबंध में प्रेरक उद्बोधन के माध्यम से जागरूक किया गया।

कार्यक्रम के समापन अवसर पर राम वन गमन पर्यटन परिपथ के सभा कक्ष में आयोजित समारोह में जनपद पंचायत अध्यक्ष ओम प्रकाश सिंह, जनपद उपाध्यक्ष सिद्धार्थ सिंहदेव, उपसरपंच शेखर सिंहदेव, पूर्व जनपद सदस्य, लखनपुर मंडल अध्यक्ष, पूर्व मंडल अध्यक्ष एवं अन्य जनप्रतिनिधियों ने विद्यार्थियों को पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए प्रकृति के प्रति जिम्मेदारी निभाने की प्रेरणा दी।

विद्यालय के प्राचार्य ने विद्यार्थियों से अपने प्रत्येक जन्मदिन पर कम से कम दो पौधे लगाने और उनकी देखभाल करने का संकल्प लेने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि पौधारोपण एवं पर्यावरण संरक्षण से न केवल प्रकृति सुरक्षित रहेगी, बल्कि आने वाली पीढ़ियों को भी स्वच्छ और स्वस्थ वातावरण प्राप्त होगा।

समर कैंप के सफल आयोजन में भगवती सिंह, राज सिंह, पारुल सिंह, पुष्पा साहू एवं निशा सिंह की सक्रिय भूमिका रही। उनके मार्गदर्शन में विद्यार्थियों ने प्रकृति, पर्यावरण, इतिहास और संस्कृति से जुड़ी अनेक महत्वपूर्ण जानकारियां प्राप्त कीं। कार्यक्रम के उपरांत विद्यार्थियों को उनके घरों के लिए रवाना किया गया।

Please Share With Your Friends Also

By Chhattisgarh Kranti

हमारी कोशिश इस वेबसाइट के माध्यम से आप तक राजनीति, खेल, मनोरंजन, जॉब, व्यापार देश विदेश इत्यादि की ताजा और नियमित खबरें आप तक पहुंच सकें। नियमित खबरों के लिए जुड़े रहिए हमारे साथ। जय जोहार ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!