चार दिवसीय सरगुजा ओलम्पिक का गरिमामय समारोह में समापन विजेताओं एवं उपविजेताओं को प्रमाण पत्र देकर किया गया सम्मानित, 3500 प्रतिभागियों ने लिया हिस्सा उदयपुर। स्टेडियम ग्राउंड झिरमिटी, उदयपुर में 5 अक्टूबर से 8 अक्टूबर 2026 तक आयोजित चार दिवसीय सरगुजा ओलम्पिक का गुरुवार को गरिमामय समारोह के साथ समापन हुआ। प्रतियोगिता में बड़ी संख्या में खिलाड़ियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। आयोजन में लगभग 3500 प्रतिभागियों ने विभिन्न खेल विधाओं में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। सरगुजा ओलम्पिक के दौरान एथलेटिक्स सहित कुल 11 प्रकार के खेलों का आयोजन किया गया। इनमें 100 मीटर से 400 मीटर दौड़, रिले रेस, कबड्डी, खो-खो, वॉलीबॉल, फुटबॉल, बैडमिंटन, कराटे, तीरंदाजी, रस्साकशी, गोला फेंक, तवा फेंक एवं भाला फेंक जैसी प्रतियोगिताएं शामिल रहीं। प्रतियोगिता के समापन अवसर पर विभिन्न खेल विधाओं में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को प्रशस्ति पत्र एवं प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। खिलाड़ियों ने पूरे आयोजन के दौरान खेल भावना और अनुशासन का परिचय देते हुए शानदार प्रदर्शन किया। दीप प्रज्ज्वलित कर हुआ था शुभारंभ सरगुजा ओलम्पिक का शुभारंभ समारोह भी गरिमामय ढंग से किया गया था। उद्घाटन अवसर पर जनपद अध्यक्ष ओम प्रकाश सिंह, मंडल अध्यक्ष प्रबोध सिंह एवं अखंड विधायक सिंह ने दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया था। समापन समारोह में जनप्रतिनिधियों की रही मौजूदगी समापन समारोह में जनपद अध्यक्ष ओम प्रकाश सिंह, जनपद उपाध्यक्ष सिद्धार्थ सिंह देव, जिला पंचायत सदस्य प्रतिनिधि अजय रवि सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। अतिथियों ने विजेता खिलाड़ियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की तथा खेलों के माध्यम से युवाओं को आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। सफल आयोजन के लिए अधिकारियों की भूमिका चार दिवसीय सरगुजा ओलम्पिक के सफल आयोजन में प्रशासनिक अधिकारियों, आयोजन समिति, खेल प्रशिक्षकों, निर्णायकों एवं कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। मुख्य कार्यपालन अधिकारी वेद प्रकाश गुप्ता, पंचायत निरीक्षक विपिन चौहान, कमलेश सिन्हा, सहित आयोजन से जुड़े अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने प्रतियोगिताओं के सुचारू संचालन में महत्वपूर्ण योगदान दिया। मंच संचालन सुरित राजवाड़े और अरविंद ध्रुव द्वारा किया गया। आयोजन के समापन के साथ ही खिलाड़ियों में उत्साह और उमंग का माहौल रहा। सरगुजा ओलम्पिक ने क्षेत्र के युवाओं को अपनी खेल प्रतिभा प्रदर्शित करने के साथ-साथ स्वस्थ प्रतिस्पर्धा और खेल भावना को बढ़ावा देने का मंच प्रदान किया। विजयी प्रतिभागियों को जिला स्तर पर होने वाले प्रतियोगिता में भाग लेने का अवसर प्राप्त होगा। Post Views: 7 Please Share With Your Friends Also Post navigation CG: केमिकल फैक्ट्री में भीषण आग, वेल्डिंग के दौरान चिंगारी भड़कने का अंदेशा, लाखों का नुकसान CG: महतारी वंदन योजना की 32वीं किस्त जारी, सीएम विष्णुदेव साय ने दिल्ली प्रदर्शन पर राहुल प्रियंका को भी घेरा