सरगुजा। जिले के गांधीनगर थाना क्षेत्र की एक शिक्षिका को अश्लील वीडियो देखने के नाम पर गिरफ्तारी और कानूनी कार्रवाई का डर दिखाकर साढ़े चार लाख रुपये की साइबर ठगी मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को मध्यप्रदेश के टीकमगढ़ जिले से गिरफ्तार कर लिया है। सरगुजा पुलिस ने आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया है। पुलिस के मुताबिक शिक्षिका ने शिकायत दर्ज कराई थी कि 19 मार्च 2026 को स्कूल से घर लौटने के बाद उनके मोबाइल पर एक अज्ञात व्यक्ति का फोन आया। कॉल करने वाले ने खुद को क्राइम ब्रांच का अधिकारी बताते हुए कहा कि वह इंटरनेट पर अश्लील फोटो और वीडियो देखती हैं, जो गंभीर अपराध है और इसके लिए उन्हें गिरफ्तार किया जा सकता है। गिरफ्तारी और कानूनी कार्रवाई के डर से शिक्षिका घबरा गईं। इसके बाद आरोपी ने अलग-अलग बहाने बनाकर फोन-पे और बैंक खातों के माध्यम से कुल 4 लाख 50 हजार रुपये की ठगी कर ली। शिकायत मिलने पर गांधीनगर थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। साइबर पोर्टल, बैंक खातों और तकनीकी साक्ष्यों की जांच के दौरान पता चला कि ठगी की रकम विभिन्न बैंक खातों में जमा कराई गई थी और बाद में दूसरे खातों में ट्रांसफर कर एटीएम के जरिए निकाली गई। जांच के आधार पर पुलिस टीम ने मध्यप्रदेश के टीकमगढ़ जिले से काशीराम अहिरवार (34), पन्नालाल यादव (40) और अभिलाषा अहिरवार (20) को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी अज्ञात कॉल पर डरकर पैसे ट्रांसफर न करें और ऐसे मामलों की तत्काल साइबर हेल्पलाइन या नजदीकी थाने में शिकायत दर्ज कराए। Post Views: 4 Please Share With Your Friends Also Post navigation छत्तीसगढ़ में अगले 5 दिनों तक बारिश और आंधी-तूफान के आसार…