रायपुर। छत्तीसगढ़ में मौसम एक बार फिर करवट लेने जा रहा है। मौसम विभाग ने प्रदेश के कई जिलों के लिए येलो और ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। अगले पांच दिनों तक प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में गरज-चमक, तेज हवाओं, वज्रपात और बारिश की गतिविधियां जारी रहने की संभावना जताई गई है।

मौसम विभाग के अनुसार बस्तर, कोंडागांव, धमतरी और गरियाबंद जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। वहीं सुकमा, बीजापुर, दंतेवाड़ा, बस्तर, कोंडागांव, धमतरी, गरियाबंद, बिलासपुर, कोरबा, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, मुंगेली, सूरजपुर और कोरिया जिलों के लिए येलो अलर्ट घोषित किया गया है।

विभाग ने चेतावनी दी है कि इन क्षेत्रों में कहीं-कहीं तेज आंधी, मेघगर्जन और वज्रपात के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। लोगों को खराब मौसम के दौरान सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।

राजधानी रायपुर में 6 जून को आकाश आंशिक रूप से मेघमय रहने की संभावना है। शहर में गरज-चमक, अंधड़ और हल्की बारिश के आसार बने हुए हैं। मौसम विभाग के अनुसार रायपुर में अधिकतम तापमान लगभग 41 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है।

पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेश के अधिकतम तापमान में कोई विशेष बदलाव दर्ज नहीं किया गया है। हालांकि आगामी दिनों में बारिश और बादलों की गतिविधियों के कारण कुछ क्षेत्रों में गर्मी से राहत मिल सकती है।

मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि प्रदेश में अगले पांच दिनों तक मौसम सक्रिय रहेगा। इस दौरान एक-दो स्थानों पर तेज हवाओं के साथ बारिश और वज्रपात की घटनाएं देखने को मिल सकती हैं। हालांकि अधिकतम तापमान में किसी बड़े बदलाव की संभावना फिलहाल नहीं है।

प्रशासन ने नागरिकों से खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों, पेड़ों और बिजली के खंभों से दूर रहने तथा मौसम विभाग की सलाह का पालन करने की अपील की है।

Please Share With Your Friends Also

By Chhattisgarh Kranti

हमारी कोशिश इस वेबसाइट के माध्यम से आप तक राजनीति, खेल, मनोरंजन, जॉब, व्यापार देश विदेश इत्यादि की ताजा और नियमित खबरें आप तक पहुंच सकें। नियमित खबरों के लिए जुड़े रहिए हमारे साथ। जय जोहार ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!