महासमुंद। महासमुंद जिले में एंटी नारकोटिक टास्क फोर्स और सिंघोडा पुलिस ने अवैध मादक पदार्थ गांजा तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 1 करोड़ 14 लाख रूपये कीमत की 226.600 किलोग्राम गांजा जब्त किया है। बताया जा रहा है कि उड़ीसा से पिकअप वाहन में गांजा लोडकर महाराष्ट्र ले जाया जा रहा था। सूचना मिलते ही सिंघोडा पुलिस और एंटी नारकोटिक टास्क फोर्स ने कार्रवाई करते हुए इस अंतर्राज्यीय गांजा तस्कर गिरोह के 2 तस्करों को गिरफ्तार किया है। जानकारी के मुताबिक महासमुंद पुलिस को सूचना मिली थी कि उड़ीसा की ओर से पिकअप वाहन क्रमांक MH16 CD 8741 में भारी मात्रा में गांजा लेकर छत्तीसगढ़ होते हुए महाराष्ट्र ले जाया जा रहा है। सूचना के बाद एनएच-53 स्थित सिल्की ढाबा के सामने ग्राम गनियारीपाली में एंटी नारकोटिक टास्क फोर्स और सिंघोडा पुलिस ने नाकाबंदी कर वाहनों की जांच शुरू की। कुछ देर बाद संदिग्ध पिकअप वाहन पहुंचा, जिसे रोककर तलाशी ली गई। वाहन में चालक समेत दो लोग सवार थे। पूछताछ में चालक ने अपना नाम अजिनाथ आश्रु जाधव निवासी खेडेगांव बाकी थाना खरडा जिला अहमदनगर महाराष्ट्र बताया। वहीं बगल सीट पर बैठे व्यक्ति ने अपना नाम अक्षय बारूक मोरे निवासी पाटेगांव थाना मेरचगांव जिला अहमदनगर महाराष्ट्र बताया। तलाशी के दौरान पिकअप वाहन के डाले में खाली कैरेट के नीचे प्लास्टिक बोरियों में छिपाकर रखा गया 226.600 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया। आरोपियों ने पूछताछ में बताया कि वे गांजा उड़ीसा के बालीगुडा क्षेत्र से लेकर महाराष्ट्र के अहमदनगर जा रहे थे। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 1 करोड़ 14 लाख 30 हजार रुपए कीमत का गांजा, करीब 8 लाख रुपए की पिकअप वाहन और 45 हजार रुपए कीमत के तीन मोबाइल फोन जब्त किए। जब्त सामग्री की कुल कीमत 1 करोड़ 22 लाख 75 हजार रुपए बताई जा रही है। मामले में आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी)(दो)(बी) के तहत अपराध दर्ज कर दोनों को गिरफ्तार किया गया है। आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार अवैध मादक पदार्थों की तस्करी रोकने के लिए जिले में लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इस पूरी कार्रवाई को एंटी नारकोटिक टास्क फोर्स और थाना सिंघोडा पुलिस की संयुक्त टीम ने अंजाम दिया। Post Views: 16 Please Share With Your Friends Also Post navigation शिशुपाल पर्वत से गिरकर युवक और युवती के शव मिलने से इलाके में फैली सनसनी, प्रेम प्रसंग की…