कोरबा। जिले के बालको थाना क्षेत्र के बेलाकछार इलाके से नाबालिग से जुड़े ब्लैकमेलिंग और दुष्कर्म का एक गंभीर मामला सामने आया है। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए उसके प्रेमी सहित 10 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। मिली जानकारी के अनुसार 17 वर्षीय किशोरी का इसी क्षेत्र में रहने वाले एक युवक होरीलाल चौहान (30 वर्ष) के साथ प्रेम प्रसंग था। पीड़िता ने पुलिस को जो बताया, उसके अनुसार प्रेमी ने उसके साथ शारीरिक संबंध बनाया और इस दौरान उसे विश्वास में लेकर वीडियो बना लिया। बाद में प्रेमी ने यह वीडियो न केवल अपने दोस्तों को दिखाया, बल्कि शेयर भी कर दिया। इस वीडियो को हथियार बनाते हुए प्रेमी के ही कुछ दोस्तों ने दुष्कर्म किया। इस बीच इस घटना की जानकारी कुछ अन्य युवकों को भी हो गई और वे भी वीडियो हासिल कर लेने की बात कहते हुए किशोरी को ब्लैकमेलिंग करने लगे। इस तरह प्रेमी समेत 10 युवकों ने दिसंबर 2025 से मई 2026 तक दुष्कर्म किया। किशोरी ने अपने स्वजन को इस घटना से अवगत कराया और इसकी रिपोर्ट बालको थाना में दर्ज कराई। सनसनीखेज मामले के सामने आने के बाद पुलिस ने आरोपियों की पहचान कर ताबड़तोड़ छापेमारी की और सभी को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों में होरीलाल चौहान, कन्हैया सिंह (25 वर्ष), उदय चौहान (22 वर्ष), मनीष चौहान (22 वर्ष), बुग्गु चौहान (21 वर्ष), राकेश सिंह (40 वर्ष), दशरथ पटेल (32 वर्ष), चित्रभान पटेल (30 वर्ष), शत्रुघ्न चौहान (25 वर्ष) और योगेश चौहान (22 वर्ष) शामिल हैं। पुलिस ने सभी आरोपितों के विरुद्ध विभिन्न धाराओं तथा लैंगिक अपराधों से बालकों का संरक्षण अधिनियम (पॉक्सो) के तहत प्रकरण दर्ज किया है। सभी को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। मोबाइल से वह वीडियो भी पुलिस ने हासिल कर लिया है, जिसे दिखा कर आरोपित ब्लैकमेलिंग कर रहे थे। Post Views: 13 Please Share With Your Friends Also Post navigation कोरबा नगर निगम में मचा बवाल! आखिर सभापति को कुर्सी छोड़ क्यों बैठना पड़ा जमीन पर