अंबिकापुर। अंतरराष्ट्रीय बाजार में करोड़ों रुपये की कीमत वाली कथित दुर्लभ और रेडिएशन युक्त मूर्ति का झांसा देकर एक विद्युत ठेकेदार से करीब 3 करोड़ रुपये की ठगी करने वाले गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। मामले में गांधीनगर थाना पुलिस ने बिहार और उत्तर प्रदेश के बनारस से तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक आरोपी अब भी फरार बताया जा रहा है। पुलिस के अनुसार आरोपियों ने विद्युत ठेकेदार को एक विशेष मूर्ति दिखाकर दावा किया था कि उसमें रेडिएशन निकलता है और अंतरराष्ट्रीय बाजार में उसकी कीमत करोड़ों रुपये है। आरोपियों ने मूर्ति को बेहद दुर्लभ और ऐतिहासिक बताते हुए भारी मुनाफे का लालच दिया और इसी बहाने ठेकेदार से करोड़ों रुपये ऐंठ लिए। बाद में जब ठेकेदार को अपने साथ हुई ठगी का एहसास हुआ तो उसने गांधीनगर थाने में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की और तकनीकी साक्ष्यों व अन्य सुरागों के आधार पर आरोपियों की तलाश की। जांच के दौरान पुलिस टीम ने बिहार और बनारस में दबिश देकर तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में ठगी से जुड़े कई महत्वपूर्ण तथ्य सामने आए हैं। पुलिस का दावा है कि गिरोह लंबे समय से दुर्लभ मूर्तियों और कथित रेडिएशन युक्त वस्तुओं के नाम पर लोगों को झांसा देकर ठगी की वारदातों को अंजाम दे रहा था। पुलिस ने बताया कि मामले का एक अन्य आरोपी, जिसके पास कथित रेडिएशन वाली मूर्ति होने की जानकारी मिली है, अभी फरार है। उसकी तलाश के लिए विशेष टीम गठित की गई है। साथ ही ठगी में इस्तेमाल की गई रकम और अन्य साक्ष्यों की भी जांच की जा रही है। गांधीनगर थाना पुलिस पूरे मामले की विस्तृत जांच में जुटी हुई है और फरार आरोपी की गिरफ्तारी के बाद और भी खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है। Post Views: 10 Please Share With Your Friends Also Post navigation संकल्प हॉस्पिटल ने मनाया 18वाँ स्थापना दिवस, नई उपलब्धियों एवं सामाजिक पहल की हुई घोषणा