कोरबा। कोरबा-बिलासपुर मुख्य मार्ग पर पाली के समीप तेंदूपत्ता गोदाम के पास मंगलवार को एक भीषण सड़क दुर्घटना में यात्री बस और ट्रक आमने-सामने टकरा गए। हादसा इतना जबरदस्त था कि बस का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया तथा चालक केबिन में बुरी तरह फंस गया। दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी और चीख-पुकार का माहौल बन गया। प्राप्त जानकारी के अनुसार शिव ट्रेवल्स की बस कोरबा से बिलासपुर की ओर जा रही थी। इसी दौरान पाली के पास तेंदूपत्ता गोदाम के निकट तेज रफ्तार ट्रक से उसकी जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर की तीव्रता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि बस का अगला हिस्सा बुरी तरह चकनाचूर हो गया और चालक केबिन के भीतर फंस गया। घटना की सूचना मिलते ही पाली थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों और पुलिस जवानों ने संयुक्त रूप से राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद केबिन में फंसे बस चालक को सुरक्षित बाहर निकाला गया। पुलिस और स्थानीय नागरिकों की तत्परता से चालक की जान बच सकी। बताया जा रहा है कि हादसे के समय बस में लगभग 40 से 50 यात्री सवार थे। दुर्घटना में बस के सामने वाले हिस्से में बैठे यात्रियों को अधिक चोटें आई हैं। करीब 12 यात्रियों को गंभीर चोटें पहुंची हैं, जबकि एक दर्जन से अधिक अन्य यात्री भी घायल हुए हैं। सभी घायलों को तत्काल 108 एम्बुलेंस की सहायता से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पाली पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है। पुलिस ने दुर्घटना का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। वहीं दुर्घटना के बाद कुछ समय के लिए प्रभावित हुआ यातायात भी सामान्य करा दिया गया है। Post Views: 28 Please Share With Your Friends Also Post navigation राखड़ से भरा ट्रक पलटा, हाईवे पर लगा 2 किमी लंबा जाम