कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले के बालको थाना क्षेत्र से मानवता को शर्मसार कर देने वाली घटना सामने आई है। यहां पति-पत्नी के बीच हुए घरेलू विवाद का फायदा उठाकर पति के परिचित ने अपने साथी के साथ मिलकर महिला के साथ दुष्कर्म किया। पीड़िता की शिकायत के बाद बालको थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। घटना के बाद इलाके में आक्रोश का माहौल है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, पीड़ित महिला शादीशुदा है और उसके दो बच्चे हैं। बताया जा रहा है कि 15 मई 2026 की शाम घर में खाना बनाने की बात को लेकर महिला का अपने पति से विवाद हो गया था। विवाद इतना बढ़ गया कि महिला नाराज होकर घर छोड़कर निकल गई। देर रात होने के कारण वह बालको पुल के पास एक सब्जी दुकान के समीप रुकी रही और बाद में खुद को सुरक्षित समझते हुए पास के एक मंदिर में रात बिताई।

अगले दिन सुबह महिला बालको लौटने के लिए ऑटो से निकली। इसी दौरान उसकी मुलाकात पति के पुराने परिचित जाबिद और उसके साथी निरंजन से हुई। जाबिद का महिला के घर पहले से आना-जाना था, इसलिए महिला ने उस पर भरोसा कर लिया। आरोप है कि दोनों ने महिला को भरोसा दिलाया कि वे उसे सुरक्षित घर पहुंचा देंगे। इसी दौरान जाबिद के कहने पर निरंजन महिला को कुछ समय के लिए अपने घर ले गया।

शाम होने पर दोनों आरोपियों ने महिला को घर छोड़ने का बहाना बनाया और उसे मोटरसाइकिल पर बैठाकर ले गए। लेकिन घर ले जाने के बजाय वे उसे लालघाट क्षेत्र की ओर सुनसान इलाके में ले गए। पीड़िता के मुताबिक, रास्ते में आरोपियों ने उसे डरा-धमकाकर जबरन शराब पिलाई। इसके बाद दोनों उसे जंगल के भीतर ले गए, जहां उसके साथ दुष्कर्म किया गया। महिला ने आरोप लगाया है कि पहले एक आरोपी ने उसके साथ ज्यादती की और बाद में दूसरे आरोपी को भी मौके पर बुला लिया गया।

घटना को अंजाम देने के बाद दोनों आरोपी महिला को जंगल में छोड़कर फरार हो गए। किसी तरह पीड़िता वहां से निकली और अपनी मामी के घर पहुंचकर पूरी घटना की जानकारी दी। परिवार के सहयोग से महिला ने 19 मई को बालको थाने पहुंचकर दोनों आरोपियों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल कार्रवाई शुरू की। कोरबा सीएसपी प्रतीक चतुर्वेदी ने बताया कि पीड़िता की शिकायत और प्रारंभिक जांच के आधार पर दोनों नामजद आरोपियों जाबिद और निरंजन को गिरफ्तार कर लिया गया है। आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया है। पुलिस मामले के अन्य तकनीकी और परिस्थितिजन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।

Please Share With Your Friends Also

By Chhattisgarh Kranti

हमारी कोशिश इस वेबसाइट के माध्यम से आप तक राजनीति, खेल, मनोरंजन, जॉब, व्यापार देश विदेश इत्यादि की ताजा और नियमित खबरें आप तक पहुंच सकें। नियमित खबरों के लिए जुड़े रहिए हमारे साथ। जय जोहार ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!