धमतरी। धमतरी जिले में सोशल मीडिया पर वायरल एक वीडियो ने कानून-व्यवस्था और नशे के बढ़ते प्रभाव पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। वीडियो में कुछ युवक एक युवक को चप्पलों से बेरहमी से पीटते नजर आ रहे हैं। मारपीट के दौरान पीड़ित युवक से जबरन “बाप बोल” कहलवाया जाता है और चप्पल पर थूककर उसकी पिटाई की जाती है। पीड़ित बार-बार हाथ जोड़कर छोड़ देने की गुहार लगाता है, लेकिन आरोपी उस पर लगातार हमला करते रहते हैं। घटना का वीडियो खुद आरोपियों ने सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। मामला अर्जुनी थाना क्षेत्र का है। पुलिस के अनुसार पीड़ित युवक ग्राम खरतुली का निवासी है, जबकि मुख्य आरोपी की पहचान ग्राम लोहरसी निवासी खिलावन साहू के रूप में हुई है। वीडियो सामने आने के बाद क्षेत्र में लोगों का आक्रोश बढ़ गया। अर्जुनी थाना प्रभारी ने बताया कि खरतुली गांव से डायल-112 पर सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची। वहां ग्रामीणों ने आरोपी को पकड़कर बांध रखा था। पुलिस उसे हिरासत में लेकर थाने लाई और उसके खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि आरोपी कथित रूप से बदमाश प्रवृत्ति का है और युवकों के साथ मारपीट कर उनके वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल करता है। ग्रामीणों का कहना है कि वायरल वीडियो देखने के बाद लोगों का गुस्सा फूट पड़ा और आरोपी के गांव पहुंचते ही उसे पकड़ लिया गया। आरोप है कि पुलिस के पहुंचने से पहले ग्रामीणों ने आरोपी को सबक सिखाने उसकी जमकर पिटाई भी की। यह घटना केवल एक मारपीट का मामला नहीं है, बल्कि उस मानसिकता को भी उजागर करती है, जिसमें कुछ असामाजिक तत्व खुलेआम हिंसा कर उसका वीडियो सोशल मीडिया पर साझा कर रहे हैं। इससे यह सवाल उठना लाजिमी है कि क्या अपराधियों में कानून का भय कम होता जा रहा है? धमतरी की यह घटना पुलिस और प्रशासन के लिए भी एक चेतावनी मानी जा रही है। यदि नशे के कारोबार और उससे जुड़े अपराधियों के खिलाफ समय रहते प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई, तो ऐसी घटनाएं कानून-व्यवस्था के लिए और बड़ी चुनौती बन सकती हैं। Post Views: 10 Please Share With Your Friends Also Post navigation मछली व्यापारी को 40 बार चाकू गोदकर हत्या, पुलिस ने 48 घंटे में दो नाबालिग समेत 5 को पकड़ा