सरगुजा। सरगुजा जिले के रजपुरीकला गांव में सार्वजनिक वितरण प्रणाली की खामियां एक बार फिर खुलकर सामने आई हैं। महीनों से राशन नहीं मिलने से नाराज ग्रामीणों का गुस्सा शुक्रवार देर रात फूट पड़ा। नाराज ग्रामीणों ने राशन दुकान के संचालक को बंधक बना लिया और जमकर हंगामा किया। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और किसी तरह गुस्सायें ग्रामीणों को समझाकर मामले को शांत कराया गया।

जानकारी के मुताबिक ये पूरा मामला लखनपुर थाना क्षेत्र का है। बताया जा रहा है कि गांव के हितग्राहियों को पिछले कई महीनों से पूरा राशन नहीं मिल रहा था। हालात इतने खराब हो गए कि ग्रामीणों को पिछले तीन दिनों से रोज सुबह 4 बजे से लाइन लगानी पड़ रही थी। लेकिन इसके बावजूद उन्हें राशन नहीं मिल पा रहा था। अप्रैल माह बीत जाने के बाद भी लोगों को उनके हक का राशन नसीब नहीं हो सका। ऐसे में ग्रामीणों का सब्र टूट गया और ग्रामीणों ने संचालक हरिंद्र प्रसाद राजवाड़े को ही बंधक बना लिया।

घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले को शांत कराया गया। ग्रामीणों का आरोप है कि राशन दुकान के संचालन में भारी अनियमितता है। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि दुकान का कोई तय समय नहीं है और पिछले तीन महीनों से राशन नहीं मिला। वे लगातार सुबह 4 बजे से दुकान के बाहर राशन के लिए लाइन में लग रहे है, लेकिन उनके हक का चावल तक नहीं मिल पा रहा। ग्रामीणों ने सवाल उठाते हुए कहा कि…..नियम के अनुसार राशन दुकान पूरे महीने खुलनी चाहिए।

लेकिन संचालक मनमानी कर कुछ ही दुकान खोलता है। आरोप है कि संचालक दो जगह दुकान संचालित करता है और केवल 7 से 10 दिन ही दुकान खोलता है। यह घटना केवल एक गांव की नहीं, बल्कि पूरे सिस्टम पर बड़ा सवाल खड़ा करती है। फिलहाल पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित कर इस मामले को अभी शांत तो करा दिया है। लेकिन बड़ा सवाल यही है, क्या ग्रामीणों को उनका हक मिल पाएगा या फिर यह गुस्सा किसी बड़े आंदोलन का रूप लेगा ? ये तो आने वाला वक्त ही बतायेगा।

Please Share With Your Friends Also

By Chhattisgarh Kranti

हमारी कोशिश इस वेबसाइट के माध्यम से आप तक राजनीति, खेल, मनोरंजन, जॉब, व्यापार देश विदेश इत्यादि की ताजा और नियमित खबरें आप तक पहुंच सकें। नियमित खबरों के लिए जुड़े रहिए हमारे साथ। जय जोहार ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!