सरगुजा। जिले के उदयपुर ब्लॉक में बेरोजगार युवक-युवतियों को योग शिक्षक बनाने के नाम पर कथित तौर पर रकम लेने का मामला सामने आया है। साक्षरता मिनी स्टेडियम में युवाओं को योग शिक्षक बनने की जानकारी देकर फॉर्म भरवाए जा रहे थे। प्रत्येक अभ्यर्थी से 2 हजार रुपये शुल्क लिए जाने की बात सामने आई है। दावा किया जा रहा था कि एक महीने की ट्रेनिंग पूरी करने के बाद उन्हें योग शिक्षक की नौकरी मिल जाएगी।

जानकारी के मुताबिक, विकास धोरे नामक युवक ने उदयपुर क्षेत्र के कई युवक-युवतियों को एकत्रित कर योग शिक्षक बनने से संबंधित जानकारी दी। बताया गया कि डिस्ट्रिक्ट कूडो एसोसिएशन सरगुजा के नाम पर फॉर्म भरवाए जा रहे थे और इसके लिए अभ्यर्थियों से 2 हजार रुपये लिए जा रहे थे।

एक महीने की ट्रेनिंग के बाद नौकरी का दावा

युवाओं को कथित तौर पर यह बताया गया कि एक महीने की ट्रेनिंग पूरी करने के बाद उन्हें योग शिक्षक के तौर पर नौकरी मिल जाएगी। नौकरी की उम्मीद में बेरोजगार युवक-युवतियों ने फॉर्म भरना शुरू कर दिया और शुल्क के रूप में रकम जमा की।

मामले में यह भी जानकारी सामने आई कि गांवों के सरपंचों से संपर्क कर उनके माध्यम से ग्रामीण क्षेत्र के युवक-युवतियों तक योग शिक्षक बनने की जानकारी पहुंचाने की बात कही गई थी।

स्थानीय लोगों के विरोध के बाद लौटाई रकम

मामले की जानकारी जब स्थानीय लोगों को हुई तो उन्होंने इसका विरोध किया। इसके बाद युवाओं से लिए गए 2-2 हजार रुपये वापस कराए गए। हालांकि, इस पूरे मामले को लेकर कई सवाल खड़े हो रहे हैं।

सबसे बड़ा सवाल यह है कि आखिर किस संस्था या विभाग के नाम पर युवाओं से फॉर्म भरवाए जा रहे थे और रकम ली जा रही थी। साथ ही, एक महीने की ट्रेनिंग के बाद योग शिक्षक की नौकरी देने का दावा किस आधार पर किया गया था, यह भी स्पष्ट नहीं है।

जांच के बाद सामने आएगी पूरी सच्चाई

फिलहाल पूरे मामले में संबंधित संस्था की अधिकृत भूमिका, ट्रेनिंग की मान्यता और नौकरी देने के दावे का आधार स्पष्ट नहीं हो पाया है। स्थानीय स्तर पर विरोध के बाद रकम वापस कराए जाने से मामला और गंभीर हो गया है।

अब जरूरत इस बात की है कि संबंधित प्रशासन पूरे मामले की जांच करे और यह स्पष्ट करे कि युवाओं से शुल्क लेने और उन्हें नौकरी का भरोसा देने के पीछे वास्तविकता क्या थी। यदि बिना किसी अधिकृत अनुमति या आधार के बेरोजगार युवाओं से रकम ली गई थी, तो जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई भी सवालों के घेरे में है।

Please Share With Your Friends Also

By Chhattisgarh Kranti

हमारी कोशिश इस वेबसाइट के माध्यम से आप तक राजनीति, खेल, मनोरंजन, जॉब, व्यापार देश विदेश इत्यादि की ताजा और नियमित खबरें आप तक पहुंच सकें। नियमित खबरों के लिए जुड़े रहिए हमारे साथ। जय जोहार ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!