रायपुर। छत्तीसगढ़ में 16 जून से शुरू हो रहे नए शैक्षणिक सत्र से ठीक पहले पाठ्यपुस्तक वितरण को लेकर बड़ी अपडेट सामने आई है। लंबे इंतजार के बाद छत्तीसगढ़ पाठ्यपुस्तक निगम ने निजी स्कूलों को किताबें वितरित करने का विस्तृत शेड्यूल जारी कर दिया है। राज्यभर के 7,890 निजी स्कूलों को कक्षा 1 से 10वीं तक की हिंदी एवं अंग्रेजी माध्यम की पाठ्यपुस्तकों का वितरण 23 जून से 13 जुलाई तक किया जाएगा। जानकारी के अनुसार, राज्य में लगभग 55 लाख पाठ्यपुस्तकों का वितरण किया जाना है। इसके लिए पाठ्यपुस्तक निगम के 12 स्थायी और अस्थायी डिपो से किताबें उपलब्ध कराई जाएंगी। वितरण प्रक्रिया को जिले और विकासखंडवार कार्ययोजना के तहत संचालित किया जाएगा। रायपुर बुक डिपो से रायपुर और बलौदाबाजार जिले के कुल 1,201 निजी स्कूलों को पाठ्यपुस्तकें वितरित की जाएंगी। इनमें रायपुर जिले के चारों विकासखंडों के 947 स्कूलों को 25 जून से 12 जुलाई तक किताबें दी जाएंगी। वहीं, रायपुर स्थित सेजेस सरोना डिपो से धमतरी और बेमेतरा जिले के 417 स्कूलों को तथा लालपुर अस्थायी डिपो से महासमुंद और गरियाबंद जिले के 356 स्कूलों को पुस्तकें उपलब्ध कराई जाएंगी। इन डिपो में वितरण का कार्य 25 जून से 4 जुलाई तक चलेगा। पाठ्यपुस्तक निगम ने स्पष्ट किया है कि निर्धारित तिथि पर यदि किसी विद्यालय का प्रतिनिधि या प्राचार्य पुस्तकें लेने नहीं पहुंचता है, तो उस विद्यालय को संबंधित डिपो की पूरी कार्ययोजना समाप्त होने के बाद ही किताबें उपलब्ध कराई जाएंगी। यदि किसी कारणवश निर्धारित तिथि पर डिपो से किताबों का वितरण नहीं हो पाता है, तो डिपो प्रभारी विद्यालय को टोकन नंबर जारी करेगा। ऐसे विद्यालयों को अगले दिन प्राथमिकता के आधार पर पुस्तकें उपलब्ध कराई जाएंगी। शिक्षा विभाग और पाठ्यपुस्तक निगम का दावा है कि तय समयसीमा के भीतर सभी निजी विद्यालयों तक किताबें पहुंचाने की व्यवस्था की गई है, ताकि विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित न हो। Post Views: 123 Please Share With Your Friends Also Post navigation रतनपुर के बिकमा तालाब में मगरमच्छ, अंडों से निकले 6 बेबी क्रोकोडाइल मुख्यमंत्री साय ने प्रधानमंत्री मोदी के कार्यकाल की उपलब्धियों पर आधारित प्रदर्शनी का अवलोकन किया