रायपुर। छत्तीसगढ़ में फर्जी बिलिंग और कर चोरी के खिलाफ चल रही कार्रवाई के बीच स्टेट जीएसटी विभाग ने एक बड़े कारोबारी नेटवर्क का पर्दाफाश करने का दावा किया है। विभाग ने राजनांदगांव की फर्म मैसर्स आदेश्वर ट्रेड लिंक के संचालक आदेश्वर चौरड़िया को गिरफ्तार किया है। जांच में करीब 76 करोड़ रुपये के संदिग्ध कागजी कारोबार और 8.22 करोड़ रुपये के फर्जी इनपुट टैक्स क्रेडिट (ITC) का मामला सामने आया है। जांच एजेंसियों के मुताबिक, फर्म ने पिछले छह महीनों के दौरान आयरन और स्टील व्यापार के नाम पर करोड़ों रुपये का कारोबार कागजों में दिखाया, लेकिन जब जीएसटी रिटर्न, बैंक खातों और अन्य दस्तावेजों की पड़ताल की गई तो कई गंभीर गड़बड़ियां सामने आईं। स्टेट जीएसटी की जांच में खुलासा हुआ है कि फर्म ने पश्चिम बंगाल की कई संदिग्ध कंपनियों से वास्तविक माल खरीदे बिना ही करोड़ों रुपये के खरीद बिल हासिल किए। इन्हीं बिलों के आधार पर फर्जी ITC का लाभ लिया गया और बाद में इस टैक्स क्रेडिट को अन्य करदाताओं तक भी पहुंचाया गया। अधिकारियों का मानना है कि यह पूरा खेल सरकारी राजस्व को चूना लगाने और टैक्स सिस्टम का दुरुपयोग करने के लिए रचा गया था। जांच को और मजबूत करने वाला तथ्य यह रहा कि जिन कंपनियों से खरीद दिखाई गई थी, उनमें से अधिकांश का जीएसटी पंजीयन पहले ही निरस्त हो चुका था। विभाग को इन कंपनियों के वास्तविक व्यापार, गोदाम, माल आपूर्ति या परिवहन से जुड़े कोई ठोस प्रमाण नहीं मिले। यानी करोड़ों का कारोबार कागजों पर दौड़ रहा था, लेकिन जमीन पर उसका कोई अस्तित्व नहीं मिला।पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद स्टेट जीएसटी विभाग ने आदेश्वर चौरड़िया को गिरफ्तार कर लिया है। अब जांच एजेंसियां बैंक खातों, ई-वे बिल, परिवहन दस्तावेजों और इस पूरे नेटवर्क से जुड़े अन्य कारोबारियों की भूमिका खंगाल रही हैं। सूत्रों के मुताबिक, जांच आगे बढ़ने के साथ कई और नाम सामने आ सकते हैं। विभाग को आशंका है कि यह मामला सिर्फ एक फर्म तक सीमित नहीं है, बल्कि फर्जी बिलिंग और बोगस ITC के बड़े नेटवर्क से जुड़ा हो सकता है। स्टेट जीएसटी की इस कार्रवाई को प्रदेश में कर चोरी और फर्जी बिलिंग के खिलाफ अब तक की बड़ी कार्रवाइयों में से एक माना जा रहा है। विभाग ने साफ संकेत दिए हैं कि फर्जी ITC के जरिए सरकारी खजाने को नुकसान पहुंचाने वालों के खिलाफ आगे भी कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी। Post Views: 11 Please Share With Your Friends Also Post navigation छत्तीसगढ़ में शाम होते ही जोरदार बारिश, मानसून की बारिश आज कई जिलों में, आकाशीय बिजली का अलर्ट