रायपुर। छत्तीसगढ़ में मानसून अब पूरी तरह सक्रिय हो गया है। प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में मौसम का मिजाज बदला हुआ है और लगातार बारिश का दौर जारी है। मौसम विभाग ने अगले 24 घंटे के दौरान कई जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश, तेज हवाएं और आकाशीय बिजली गिरने की चेतावनी जारी की है। कुछ क्षेत्रों में भारी वर्षा की भी संभावना जताई गई है। राजधानी रायपुर में दिनभर बादलों की आवाजाही बनी रहेगी। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार शाम या रात के समय तेज हवाओं के साथ बारिश होने की संभावना है। बारिश के चलते तापमान में गिरावट दर्ज हो सकती है, जिससे लोगों को उमस और गर्मी से राहत मिलेगी। मौसम विभाग ने अगले दो दिनों तक प्रदेश के विभिन्न जिलों में वज्रपात और तेज बारिश की संभावना जताई है। किसानों, ग्रामीण क्षेत्रों में काम करने वाले लोगों और यात्रियों को विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी गई है।खराब मौसम के दौरान खुले मैदानों, पेड़ों के नीचे, बिजली के खंभों और जलभराव वाले क्षेत्रों से दूर रहने की अपील की गई है। बीते 24 घंटों के दौरान छत्तीसगढ़ के कई जिलों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। लगातार हो रही वर्षा से मौसम सुहावना बना हुआ है। वहीं जलाशयों, नदियों और बांधों में पानी की आवक भी बढ़ने लगी है, जिससे किसानों को राहत मिली है। मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार दंतेवाड़ा जिले के बड़े बचेली क्षेत्र में सबसे अधिक 9 सेंटीमीटर वर्षा रिकॉर्ड की गई। इसके अलावा बस्तर संभाग और दक्षिण छत्तीसगढ़ के कई इलाकों में भी अच्छी बारिश दर्ज हुई है।विशेषज्ञों का कहना है कि आने वाले दिनों में मानसून की गतिविधियां और तेज हो सकती हैं, जिससे प्रदेश के अधिकांश जिलों में बारिश का सिलसिला जारी रहेगा। Post Views: 15 Please Share With Your Friends Also Post navigation बस्तर रेंज के नए IG होंगे ये सीनियर IPS अधिकारी, रिलीव हुए पी. सुंदरराज, राज्य सरकार ने जारी किए आदेश 76 करोड़ का कागजी कारोबार, 8.22 करोड़ का फर्जी ITC! GST के शिकंजे में कारोबारी, गिरफ्तारी के बाद बड़े नेटवर्क की तलाश