बिलासपुर। न्यायधानी बिलासपुर स्थित मैग्नेटो मॉल से ठगी का सनसनीखेज मामला सामने आया है। क्लब्रियोंट हॉस्पिटैलिटी प्राइवेट लिमिटेड नाम की कंपनी पर गिफ्ट और हॉलिडे पैकेज के नाम पर लोगों से लाखों रुपए ठगने का आरोप लगा है। बताया जा रहा है कि कंपनी ने 15 से 20 लोगों को झांसे में लेकर उनसे मोटी रकम वसूली और फिर रातों-रात ऑफिस बंद कर फरार हो गई। पीड़ितों के अनुसार ठगी की रकम 50 लाख से अधिक हो सकती है। पुलिस ने इस मामले में अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के मुताबिक गिफ्ट और हॉलिडे पैकेज के नाम पर ठगी का ये पूरा मामला सिविल लाइन थाना क्षेत्र का है। पीड़ित अमित गुप्ता ने पुलिस को बताया कि 20 फरवरी को उनके पास एक कॉल आया, जिसमें कहा गया कि उनका नाम कूपन में निकला है और उन्हें गिफ्ट लेने के लिए मैग्नेटो मॉल की चौथी मंजिल स्थित ऑफिस नंबर 415 बुलाया गया। ऑफिस पहुंचने पर कंपनी के कर्मचारियों ने आकर्षक हॉलिडे पैकेज और ट्रैवल ऑफर का लालच दिया। इस दौरान अलग-अलग बहानों से उनसे पैसे जमा करवाए गए।

अमित गुप्ता ने 27 फरवरी को 25 हजार रुपए ट्रांसफर किए। इसके बाद टिकट बुकिंग और अन्य सुविधाओं के नाम पर उनसे 50 हजार रुपए और वसूले गए। लेकिन उन्हे कोई टूर पैकेज मिली ही नही, कंपनी ने इसी तरह से अन्य लोगों के साथ भी ठगी की। पीड़ितों का आरोप है कि रकम लेने के बाद कंपनी के संचालक और कर्मचारी अचानक ऑफिस बंद कर फरार हो गए। ठगों ने दावा किया था कि टिकट और हॉलिडे पैकेज की जानकारी ईमेल के जरिए भेज दी जाएगी, लेकिन बाद में उनके मोबाइल फोन बंद आने लगे।

शक होने पर अमित गुप्ता 24 अप्रैल को मैग्नेटो मॉल पहुंचे, जहां ऑफिस में ताला लगा मिला। वहां पहले से 15 से 20 लोग मौजूद थे, जो इसी तरह की ठगी का शिकार हो चुके थे। पुलिस की शुरुआती जांच में अब तक 8 लाख 12 हजार रुपए की ठगी का हिसाब सामने आया है। जांच में पता चला कि सुशांत कुमार से 76 हजार रुपए, रोहित शर्मा से 1.28 लाख रुपए, डॉ. शरद कर्णेवार से 1.10 लाख रुपए और अमित गुप्ता से 75 हजार रुपए वसूले गए। इसके अलावा अन्य लोगों से भी लाखों रुपए ऐंठे जाने की जानकारी मिली है।

पीड़ितों की शिकायत पर सिविल लाइन पुलिस ने कंपनी के मुख्य संचालक नागेश बालासाहेब साखरे और उसके सहयोगी श्रीमंत राम खांडे समेत कुल 16 लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया है। आरोपियों में किरण मुनी, इमरान अंसारी, साहिल ठाकुर, अक्षय मीठे, कपिल, आसीफ, मुस्कान गुप्ता, अनुराग, गुंजन, अजित ईश्वर जाटव, कुमुद, हितेश, पृथ्वी और अभिषेक के नाम शामिल हैं।पुलिस मामले की जांच कर आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।

Please Share With Your Friends Also

By Chhattisgarh Kranti

हमारी कोशिश इस वेबसाइट के माध्यम से आप तक राजनीति, खेल, मनोरंजन, जॉब, व्यापार देश विदेश इत्यादि की ताजा और नियमित खबरें आप तक पहुंच सकें। नियमित खबरों के लिए जुड़े रहिए हमारे साथ। जय जोहार ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!