विपरीत दिशा से आ रहे वाहन को बचाने के प्रयास में हुआ हादसा, गैस कटर से काटकर निकाला गया शव

उदयपुर / सरगुजा। उदयपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम डांडगांव स्थित प्रिंस ढाबा के पास सोमवार सुबह लगभग 5 बजे नेशनल हाईवे-130 पर एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। रायपुर से अंबिकापुर की ओर आम लोडकर जा रही पिकअप वाहन विपरीत दिशा से आ रहे तेज रफ्तार वाहन को बचाने के प्रयास में अनियंत्रित होकर ढाबा के सामने पहले से खड़ी ट्राला से जा टकराई।

टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि पिकअप का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें फंसे क्लीनर की मौके पर ही दबने से मौत हो गई। मृतक की पहचान खुर्सी निवासी गुढ़ियारी, रायपुर के रूप में हुई है। हादसे के बाद विपरीत दिशा से आ रहा हाईवा वाहन चालक मौके से वाहन सहित फरार हो गया।

घटना की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी शिशिरकांत सिंह, सहायक उप निरीक्षक लीनूस लकड़ा एवं डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची। पिकअप वाहन में शव बुरी तरह फंस जाने के कारण गैस कटर से वाहन की बॉडी काटकर करीब सुबह 10 बजे शव को बाहर निकाला गया। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र उदयपुर भेजा गया तथा पीएम के बाद परिजनों को सौंप दिया गया। हादसे में पिकअप चालक को मामूली चोटें आई हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि नेशनल हाईवे-130 पर बेलगाम रफ्तार और लापरवाही के कारण आए दिन सड़क हादसे हो रहे हैं, जिससे लोगों में भारी नाराजगी है।

Please Share With Your Friends Also

By Chhattisgarh Kranti

हमारी कोशिश इस वेबसाइट के माध्यम से आप तक राजनीति, खेल, मनोरंजन, जॉब, व्यापार देश विदेश इत्यादि की ताजा और नियमित खबरें आप तक पहुंच सकें। नियमित खबरों के लिए जुड़े रहिए हमारे साथ। जय जोहार ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!