सुकमा। प्रेम प्रसंग से जुड़ा मामला शुक्रवार शाम हिंसक विवाद में बदल गया। युवक और युवती के घर से फरार होकर शादी करने के बाद दोनों परिवारों के बीच जमकर विवाद हुआ। मामला इतना बढ़ गया कि लड़की पक्ष के लोगों ने कथित तौर पर लड़के के घर पहुंचकर मारपीट, गाली-गलौज और तोड़फोड़ की। इस दौरान लाठी-डंडे भी चले। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसके बाद पूरे इलाके में तनाव का माहौल बन गया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार सुकमा निवासी शर्मा परिवार का एक युवक पड़ोस में रहने वाली महेश्वरी समाज की युवती को लेकर घर से चला गया। बताया जा रहा है कि दोनों लंबे समय से एक-दूसरे को जानते थे और उनके बीच प्रेम संबंध था। दोनों के घर से अचानक गायब होने के बाद परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की। इसी बीच जानकारी मिली कि युवक और युवती ने आर्य समाज में विवाह कर लिया है।

शादी की खबर सामने आने के बाद युवती पक्ष के लोग आक्रोशित हो गए। आरोप है कि शुक्रवार शाम बड़ी संख्या में लोग युवक के घर पहुंच गए और वहां हंगामा शुरू कर दिया। इस दौरान दोनों पक्षों के बीच जमकर बहस हुई, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक मौके पर गाली-गलौज के साथ लाठी-डंडों का भी इस्तेमाल हुआ। घर में तोड़फोड़ किए जाने की भी बात सामने आई है।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया। पुलिस ने दोनों पक्षों को समझाइश दी और विवाद को शांत कराया। हालांकि घटना के बाद इलाके में तनाव बना हुआ है। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में लोगों के बीच धक्का-मुक्की, मारपीट और हंगामे के दृश्य दिखाई दे रहे हैं, जिससे मामला और अधिक चर्चा में आ गया है।

स्थिति की गंभीरता को देखते हुए सुकमा पुलिस अलर्ट मोड पर है। संवेदनशील इलाकों में निगरानी बढ़ा दी गई है ताकि किसी भी तरह की अप्रिय घटना को रोका जा सके। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और वायरल वीडियो के आधार पर भी पहचान की जा रही है। जिन लोगों ने कानून हाथ में लिया है, उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगीइधर, इस घटना के विरोध में व्यापारी संघ के नाम पर शनिवार को सुकमा बंद का आह्वान किया गया। शहर के कई व्यापारिक प्रतिष्ठान बंद रहे और बाजारों में सामान्य दिनों की तुलना में कम भीड़ देखने को मिली। प्रशासन भी लगातार हालात पर नजर बनाए हुए है।

Please Share With Your Friends Also

By Chhattisgarh Kranti

हमारी कोशिश इस वेबसाइट के माध्यम से आप तक राजनीति, खेल, मनोरंजन, जॉब, व्यापार देश विदेश इत्यादि की ताजा और नियमित खबरें आप तक पहुंच सकें। नियमित खबरों के लिए जुड़े रहिए हमारे साथ। जय जोहार ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!