दुर्ग। जिले के सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र में स्थित सहेली ज्वेलर्स में पैसे के लेन-देन को लेकर शुरू हुआ विवाद अब एक बड़े विवाद का रूप ले चुका है। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें महिला और लेडी पुलिस कर्मी के बीच झड़प साफ दिखाई दे रही है। जानकारी के अनुसार, पीड़िता जया गाड़े अपने द्वारा दिए गए एडवांस पैसे वापस लेने के लिए ज्वेलरी दुकान पहुंची थीं। आरोप है कि दुकान संचालक ने पैसे लौटाने के बजाय पुलिस को बुला लिया। इसके बाद मौके पर पहुंची पुलिस के सामने ही विवाद बढ़ता गया और देखते ही देखते स्थिति हिंसक हो गई। वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि एक लेडी हेड कॉन्स्टेबल और जया गाड़े के बीच बहस के बाद मामला हाथापाई तक पहुंच गया। आरोप है कि कॉन्स्टेबल ने महिला को थप्पड़ मारा, जिसके बाद दोनों के बीच बाल खींचने और मारपीट की नौबत आ गई। इस घटना ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। पीड़िता जया गाड़े ने बेहद गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि इस दौरान उनकी बुजुर्ग मां के साथ भी दुर्व्यवहार किया गया। उनका दावा है कि लेडी कॉन्स्टेबल ने उनकी मां को लात मारी, वहीं दुकान संचालक ने भी उन पर हाथ उठाने की कोशिश की। इस पूरे घटनाक्रम से पीड़ित परिवार आक्रोशित है। मामले ने और तूल तब पकड़ा, जब पीड़िता ने आरोप लगाया कि पुलिस ने उन्हें रातभर थाने में रखा और उनके 10 महीने के दूधमुंहे बच्चे से मिलने तक नहीं दिया। इस आरोप ने पुलिस प्रशासन की कार्यशैली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। इसके अलावा, जया गाड़े ने सहेली ज्वेलर्स पर हॉलमार्क के नाम पर धोखाधड़ी का आरोप भी लगाया है। उनका कहना है कि वे 15 तारीख को सोना खरीदने गई थीं, लेकिन उन्हें 16 तारीख की तारीख वाला बिल दिया गया। जब उन्होंने निजी तौर पर सोने की जांच कराई, तो उसमें शुद्धता को लेकर भारी गड़बड़ी सामने आई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने जांच के लिए विशेष टीम गठित कर दी है। इस टीम की कमान भारती मरकाम को सौंपी गई है। पुलिस अब दुकान के सीसीटीवी फुटेज और वायरल वीडियो के आधार पर पूरे मामले की गहराई से जांच कर रही है।वहीं, ज्वेलरी शॉप के संचालक ने भी अपने पक्ष को रखने के लिए प्रेस वार्ता आयोजित करने की बात कही है। इससे साफ है कि मामला आने वाले दिनों में और गरमा सकता है। Post Views: 71 Please Share With Your Friends Also Post navigation अवैध संबंध के चक्कर में पति बना हैवान, नवविवाहिता को गला दबाकर मारा, फिर करंट से मौत की उड़ायी अफवाह… CG TRANSFER BREAKING : एक झटके में 20 जिलों के ट्रांसपोर्ट अफसर बदले