रायपुर। छत्तीसगढ़ में भीषण गर्मी से लोगों को फिलहाल राहत मिली हुई है। प्रदेश में पिछले 24 घंटे के दौरान राजनांदगांव को छोड़कर सभी जिलों का अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से नीचे दर्ज किया गया। वहीं मौसम विभाग ने आज प्रदेश के 20 से अधिक जिलों में गरज-चमक, तेज हवा और आकाशीय बिजली के साथ बारिश का यलो अलर्ट जारी किया है।

मौसम विभाग के मुताबिक अगले पांच दिनों तक प्रदेश में मौसम का मिजाज बदला रहेगा। कई इलाकों में तेज हवाएं चल सकती हैं और गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है। इस दौरान तापमान में 3 से 4 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी भी हो सकती है।

गुरुवार को प्रदेश के कुछ इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। चरमा में 3 सेंटीमीटर और गरियाबंद में 1 सेंटीमीटर बारिश हुई। वहीं सबसे ज्यादा तापमान 41 डिग्री सेल्सियस राजनांदगांव में रिकॉर्ड किया गया, जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान 20.6 डिग्री सेल्सियस पेण्ड्रा रोड में दर्ज हुआ।

मौसम विभाग ने सुकमा, बीजापुर, दंतेवाड़ा, बस्तर, नारायणपुर, कोंडागांव, कांकेर, धमतरी, राजनांदगांव, गरियाबंद, बलौदा बाजार, जांजगीर-चांपा, बिलासपुर, जशपुर, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, बेमेतरा, कबीरधाम, मुंगेली, सरगुजा, सूरजपुर, कोरिया और बलरामपुर जिलों में बारिश और आकाशीय बिजली गिरने की संभावना जताई है। कई जगहों पर 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं।

मौसम वैज्ञानिक एच.पी. चंद्रा ने बताया कि दक्षिण मध्य प्रदेश, अंदरूनी ओडिशा और पूर्वी बिहार के ऊपर बने चक्रवाती परिसंचरण और द्रोणिका के प्रभाव से मौसम में बदलाव देखने को मिल रहा है। इन सिस्टमों के असर से प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश और अंधड़ की स्थिति बन रही है।

राजधानी रायपुर में आज आंशिक रूप से बादल छाए रहने की संभावना है। शहर में गरज-चमक के साथ बारिश और तेज हवा चल सकती है। रायपुर का अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।

Please Share With Your Friends Also

By Chhattisgarh Kranti

हमारी कोशिश इस वेबसाइट के माध्यम से आप तक राजनीति, खेल, मनोरंजन, जॉब, व्यापार देश विदेश इत्यादि की ताजा और नियमित खबरें आप तक पहुंच सकें। नियमित खबरों के लिए जुड़े रहिए हमारे साथ। जय जोहार ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!