कांकेर। जिले के भानुप्रतापपुर में ट्रक फाइनेंस के नाम पर लाखों रुपये की ठगी का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए चोला मंडलम फाइनेंस कंपनी के ब्रांच मैनेजर को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। आरोपी पर सेकंड हैंड ट्रक फाइनेंस कराने के नाम पर महिला से लाखों रुपये वसूलने का आरोप है। पुलिस के मुताबिक हरहरपानी निवासी सुनिता यादव ने शिकायत दर्ज कराई थी कि उन्होंने नारायणपुर शाखा के मैनेजर संजय भास्कर तिवारी के जरिए एक सेकंड हैंड ट्रक खरीदा था। ट्रक की कीमत करीब 29 लाख रुपये बताई गई थी, लेकिन आरोपी ने अधिक फाइनेंस और जमानतदार की व्यवस्था का भरोसा देकर अलग-अलग किश्तों में करीब 9.35 लाख रुपये जमा करा लिए। मामले में बड़ा खुलासा तब हुआ जब ट्रक का सत्यापन कराया गया। जांच में पता चला कि वाहन का चेसिस नंबर संदिग्ध है और ट्रक का नामांतरण भी पीड़िता के नाम पर नहीं किया गया था। आरोप है कि दस्तावेजों में हेराफेरी कर पूरे सौदे को फर्जी तरीके से तैयार किया गया। पीड़िता ने जब पैसे वापस मांगे तो आरोपी ने ट्रक बेचकर रकम लौटाने का आश्वासन दिया, लेकिन बाद में वाहन को अपने कब्जे में लेकर फरार हो गया। शिकायत के बाद पुलिस ने जांच शुरू की और पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर आरोपी मैनेजर संजय भास्कर तिवारी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया। पुलिस अब इस एंगल से भी जांच कर रही है कि कहीं इस फर्जीवाड़े में कोई संगठित गिरोह या अन्य कर्मचारी भी शामिल तो नहीं हैं। Post Views: 20 Please Share With Your Friends Also Post navigation 15 दिन पहले सगाई, जनवरी 2027 में शादी तय… लेकिन घर पहुंची शहादत की खबर: कांकेर IED ब्लास्ट में 4 जवान शहीद