महाराष्ट्र में भीषण सड़क हादसा: पोला उत्सव में शामिल होने जा रही छत्तीसगढ़ की 9 महिलाओं व बच्चों की दर्दनाक मौत

भंडारा/कवर्धा। महाराष्ट्र के भंडारा जिले में नागपुर-रायपुर नेशनल हाईवे पर आधी रात को एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा हो गया। छत्तीसगढ़ से नागपुर जा रहे यात्रियों से भरे एक पिकअप वाहन (बोलेरो) की ट्रक से भीषण टक्कर हो गई। इस दर्दनाक हादसे में 3 मासूम बच्चों सहित छत्तीसगढ़ के 9 लोगों की मौत हो गई है।

पोला उत्सव में शामिल होने जा रही थीं महिलाएं
जानकारी के मुताबिक, छत्तीसगढ़ के अलग-अलग इलाकों से करीब 19 महिलाएं पोला उत्सव में शामिल होने के लिए पिकअप वाहन से नागपुर जा रही थीं। इसी दौरान भंडara जिले के लखनी तालुका अंतर्गत पिंपलगांव रोड पर ‘भाऊ ढाबा’ के पास पिकअप गाड़ी अनियंत्रित होकर खड़े ट्रक (UP 72 BT 7974) से जा टकराई। टक्कर इतनी भीषण थी कि पिकअप का अगला हिस्सा पूरी तरह चकनाचूर हो गया। हादसे में 8 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक महिला ने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।

मृतकों की पहचान (कवर्धा और खैरागढ़ के निवासी)

हादसे का शिकार हुए लोग छत्तीसगढ़ के कवर्धा (लोहारा व बांधटोला) और खैरागढ़ (चिचोला) क्षेत्र के रहने वाले थे। मृतकों में से 7 लोगों की पहचान हो चुकी है, जबकि दो महिलाओं की पहचान होना अभी बाकी है:

  • मीनाक्षी राजकुमार वर्मा — लोहारा, कवर्धा
  • सरिता विजय वर्मा (30 वर्ष) — लोहारा, कवर्धा
  • गणेशिया अरावत पटेल (22 वर्ष) — बांधटोला, कवर्धा
  • गायत्री रूपेश उइके (30 वर्ष) — चिचोला, खैरागढ़
  • स्वीटी रूपेश उइके (6 वर्ष – मासूम बच्ची) — चिचोला, खैरागढ़
  • धैर्य रूपेश उइके (4 वर्ष – मासूम बच्चा) — चिचोला, खैरागढ़
  • जंबाई रामावतार वर्मा — भांडेवाड़ी, नागपुर (मूल निवासी छत्तीसगढ़)
  • नोट: एक अन्य मृत बच्चे और एक महिला की शिनाख्त की कोशिश जारी है।

घायलों का अस्पताल में इलाज जारी
दुर्घटना की सूचना मिलते ही गाडेगांव राजमार्ग पुलिस सहायता केंद्र के प्रमुख रविंद्र रेवतकर अपनी टीम और स्थानीय ग्रामीणों के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने क्रेन व स्थानीय लोगों की मदद से शवों को बाहर निकाला। हादसे में गंभीर रूप से घायल हुए अन्य यात्रियों को तुरंत भंडारा जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां कई की हालत नाजुक बनी हुई है।


Please Share With Your Friends Also

By Chhattisgarh Kranti

हमारी कोशिश इस वेबसाइट के माध्यम से आप तक राजनीति, खेल, मनोरंजन, जॉब, व्यापार देश विदेश इत्यादि की ताजा और नियमित खबरें आप तक पहुंच सकें। नियमित खबरों के लिए जुड़े रहिए हमारे साथ। जय जोहार ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!