रायपुर। देशभर में रविवार को NEET-UG 2026 की री-एग्जाम परीक्षा आयोजित की गई। छत्तीसगढ़ में करीब 45 हजार अभ्यर्थियों ने परीक्षा में हिस्सा लिया। परीक्षा के लिए पूरे प्रदेश में 127 परीक्षा केंद्र बनाए गए थे, जबकि राजधानी रायपुर में 25 केंद्रों पर परीक्षा आयोजित हुई। राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) की गाइडलाइन के तहत अभ्यर्थियों की कड़ी जांच और दस्तावेज सत्यापन के बाद ही परीक्षा केंद्रों में प्रवेश दिया गया। रायपुर में एडमिट कार्ड विवाद, छात्र परीक्षा से वंचित रायपुर के चौबे कॉलोनी स्थित मायाराम सुरजन शासकीय विद्यालय परीक्षा केंद्र में उस समय हंगामा खड़ा हो गया जब एक छात्र को दो स्तर की सुरक्षा जांच के बाद अंदर प्रवेश दे दिया गया, लेकिन बायोमेट्रिक सत्यापन के दौरान उसे बाहर भेज दिया गया। जानकारी के अनुसार, परीक्षा अधिकारियों ने छात्र से कहा कि उसके एडमिट कार्ड में दर्ज परीक्षा केंद्र कोई अन्य है। छात्र लगभग 10 से 15 मिनट तक परीक्षा केंद्र के अंदर रहा, लेकिन बाद में उसे बाहर कर दिया गया। इस वजह से वह परीक्षा में शामिल नहीं हो सका। घटना के बाद छात्र और उसके परिजनों ने नाराजगी जताई। कड़ी सुरक्षा के बीच हुई परीक्षा परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था बेहद सख्त रही। अभ्यर्थियों की पहचान सत्यापन, दस्तावेज जांच और बायोमेट्रिक प्रक्रिया में लगभग आधा घंटा तक का समय लगा। परीक्षा केंद्रों पर लगातार अनाउंसमेंट कर छात्रों को समय से पहले पहुंचने की सलाह दी गई ताकि अंतिम समय में किसी प्रकार की परेशानी न हो। रायपुर के एक केंद्र में एक छात्रा को निर्धारित नियमों के अनुसार अपनी चप्पलें बदलनी पड़ीं। वहीं दुर्ग, जगदलपुर और अन्य जिलों में भी सघन जांच के बाद ही अभ्यर्थियों को परीक्षा हॉल में प्रवेश दिया गया। दोबारा परीक्षा से बढ़ा छात्रों का तनाव कई अभ्यर्थियों ने बताया कि री-एग्जाम होने के कारण वे अतिरिक्त मानसिक दबाव और तनाव महसूस कर रहे हैं। छात्रों का कहना था कि परीक्षा की तैयारी दोबारा करना आसान नहीं था, लेकिन भविष्य को देखते हुए उन्होंने पूरी मेहनत की। वहीं कई परीक्षा केंद्रों के बाहर अभिभावकों के लिए पर्याप्त इंतजाम नहीं किए गए थे। तेज धूप के बीच माता-पिता घंटों बाहर इंतजार करते नजर आए। जगदलपुर में NSUI का विरोध प्रदर्शन इधर, जगदलपुर के पीजी कॉलेज परीक्षा केंद्र के बाहर NEET पेपर लीक मामले को लेकर NSUI कार्यकर्ताओं ने विरोध प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने परीक्षा प्रक्रिया और पेपर लीक प्रकरण की जांच की मांग को लेकर नारेबाजी की।पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को रोकने का प्रयास किया, जिसके बाद कुछ समय के लिए कार्यकर्ताओं और पुलिस जवानों के बीच धक्का-मुक्की की स्थिति बन गई। हालांकि बाद में पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित कर लिया। NTA की निगरानी में हुई परीक्षा NEET UG 2026 री-एग्जाम को लेकर NTA ने सभी परीक्षा केंद्रों पर विशेष निगरानी व्यवस्था की थी। अधिकारियों के अनुसार परीक्षा शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए सुरक्षा और तकनीकी व्यवस्था को मजबूत किया गया था। अब अभ्यर्थियों की निगाहें परीक्षा परिणाम और आगे की प्रक्रिया पर टिकी हैं। Post Views: 15 Please Share With Your Friends Also Post navigation छत्तीसगढ़ के MBBS छात्रों को हाईकोर्ट से बड़ी राहत, समय पर नियुक्ति नहीं तो सेवा बांड स्वतः समाप्त…