सक्ती। छत्तीसगढ़ के सक्ती जिले में बाइक खड़ी करने को लेकर शुरू हुआ विवाद बुजुर्ग दंपती की हत्या तक पहुंच गया। मालखरौदा थाना क्षेत्र के ग्राम सेंदुरस में 2 जून की रात पड़ोसी दो आरोपी स्केल पट्टी से दरवाजा खोलकर घर में घुसे और सो रहे पुरुषोत्तम खुंटे व उनकी पत्नी गुहरिन बाई खुंटे के सिर और चेहरे पर लोहे की रॉड से हमला कर मौत के घाट उतार दिया। वारदात के बाद आरोपियों ने महिला के गले से सोने का हार, नाक की फुल्ली और घर में रखे अन्य जेवर व नकदी लूट ली।

घटना के बाद पुलिस ने जांच शुरू की और मृतक का मोबाइल फोन ट्रेस करते हुए खरसिया क्षेत्र से एक आरोपी देवकुमार यादव को गिरफ्तार किया। पूछताछ में उसने अपने साथी रूपचरण यादव के साथ मिलकर हत्या और लूट की वारदात को अंजाम देना स्वीकार कर लिया। दोनों आरोपी पंडरीपानी गांव के रहने वाले हैं।

पुलिस जांच में सामने आया कि कुछ दिन पहले बाइक खड़ी करने को लेकर मृतक पुरुषोत्तम खुंटे और आरोपियों के बीच विवाद हुआ था। इसी रंजिश के चलते दोनों ने हत्या की साजिश रची थी।

जांच के दौरान एक और बड़ा खुलासा हुआ। दोनों आरोपियों ने जून 2024 में मुक्ता गांव में हुए चर्चित दोहरे हत्याकांड को भी अंजाम देने की बात कबूल की। उस मामले में मगनलाल गबेल और बुधवारा बाई गबेल की घर में घुसकर हत्या कर दी गई थी, लेकिन आरोपी अब तक पुलिस की पकड़ से बाहर थे।

पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर करीब 9 ग्राम सोने के जेवर, 5 ग्राम गला हुआ सोना, 77 हजार रुपए नकद, हत्या में प्रयुक्त लोहे की रॉड और बाइक बरामद कर ली है। वहीं लूटे गए जेवर खरीदने वाले जैजैपुर के सराफा व्यापारी बाबूलाल साहू को भी गिरफ्तार किया गया है।

पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ हत्या, लूट और चोरी की संपत्ति खरीदने समेत विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर न्यायालय में पेश किया है।

Please Share With Your Friends Also

By Chhattisgarh Kranti

हमारी कोशिश इस वेबसाइट के माध्यम से आप तक राजनीति, खेल, मनोरंजन, जॉब, व्यापार देश विदेश इत्यादि की ताजा और नियमित खबरें आप तक पहुंच सकें। नियमित खबरों के लिए जुड़े रहिए हमारे साथ। जय जोहार ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!