बिलासपुर। पुलिस कानून की सख्ती और कार्रवाई की लाख दुहाई दे, लेकिन छत्तीसगढ़ में कानून और पुलिस का खौफ शातिर अपराधियों और युवाओं के बीच नजर नहीं आ रहा। इसका ताजा उदाहरण बिलासपुर में एक बार फिर सामने आया है। यहां नेशनल हाइवे पर एक लड़की कार के सामने शैंपेन की बोतल के साथ रैंप वाॅक करती नजर आयी, यहीं नहीं इसके बाद लड़की ने चलती कार की छत पर बैठकर डांस करते हुए रील बनाये। सोशल मीडिया में वीडियों वायरल होने के बाद तुरंत बाद पुलिस हरकत में आई और कार के नंबर के आधार पर अपराध दर्ज किया गया है।

जानकारी के मुताबिक ये पूरा मामला बिलासपुर के कोनी थाना क्षेत्र का है। जहां बिलासपुर-कोरबा नेशनल हाईवे पर कानून व्यवस्था और यातायात नियमों की खुलेआम धज्जियां उड़ाने का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि तुर्काडीह ओवरब्रिज के पास एक युवती चलती कार की सनरूफ पर बैठकर डांस करती नजर आई। इतना ही नहीं, बीच सड़क कार खड़ी कार के सामने शैंपेन की बोतल के साथ जश्न मनाते हुए वीडियो भी शूट कराया गया। इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो इंटरनेट मीडिया पर वायरल होते ही पुलिस प्रशासन हरकत में आयी।

वायरल वीडियो में साफ दिखाई दे रहा है कि युवती कार की छत पर बैठकर स्टंटनुमा अंदाज में डांस कर रही है। लेकिन इसकी परवाह किए बिना बीच सड़क पर कार रोककर जश्न मनाया जा रहा था। यह हरकत न केवल यातायात नियमों का उल्लंघन है, बल्कि सड़क पर चल रहे अन्य लोगों की सुरक्षा के साथ भी सीधा खिलवाड़ माना जा रहा है। वीडियो वायरल होने के बाद यातायात और कोनी पुलिस की टीम ने तत्काल कार्रवाई शुरू की। जांच के दौरान वीडियो में दिख रहे वाहन के नंबर के आधार पर कार की पहचान कर उसे जब्त कर लिया गया। पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि युवती के जन्मदिन के मौके पर यह वीडियो बनाया गया था।

एएसपी रामगोेपाल करियारे ने बताया कि मामले में वाहन जब्त कर लिया गया है और कार चालक के खिलाफ यातायात नियमों के उल्लंघन सहित अन्य धाराओं के तहत कार्रवाई की जा रही है। गौरतलब है कि जिले में पुलिस लगातार सड़क पर स्टंट, हुड़दंग और नियम तोड़ने वालों के खिलाफ अभियान चला रही है। एसएसपी रजनेश सिंह के निर्देश पर यातायात नियमों की अनदेखी करने वालों पर लगातार कार्रवाई की जा रही है। बावजूद इसके कुछ युवा सोशल मीडिया पर वायरल होने और दिखावे के लिए कानून व्यवस्था को चुनौती देने से बाज नहीं आ रहे हैं।

एक दिन पहले ही बीएमडब्ल्यू कार पर डांस का वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने कार्रवाई की थी। लेकिन उसके अगले ही दिन फिर ऐसा मामला सामने आना यह दर्शाता है कि युवाओं में कानून का डर लगातार कम होता जा रहा है। पुलिस अब ऐसे मामलों में और सख्ती बरतने की तैयारी में है, ताकि सड़क को स्टंट और हुड़दंग का मंच बनाने वालों पर लगाम लगाई जा सके।

Please Share With Your Friends Also

By Chhattisgarh Kranti

हमारी कोशिश इस वेबसाइट के माध्यम से आप तक राजनीति, खेल, मनोरंजन, जॉब, व्यापार देश विदेश इत्यादि की ताजा और नियमित खबरें आप तक पहुंच सकें। नियमित खबरों के लिए जुड़े रहिए हमारे साथ। जय जोहार ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!