बलरामपुर। चर्चित हंसपुर हत्याकांड मामले में पुलिस ने अदालत में करीब 200 पन्नों की विस्तृत चार्जशीट पेश की है। इस चार्जशीट में कई चौंकाने वाले खुलासे किए गए हैं। मामले में तत्कालीन कुसमी एसडीएम करण कुमार डहरिया समेत चार लोगों को आरोपी बनाया गया है। सभी पर हत्या और मारपीट सहित गंभीर धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। यह सनसनीखेज मामला 15 फरवरी 2026 की रात का है। जानकारी के अनुसार, कुसमी क्षेत्र में अवैध बॉक्साइट खनन की शिकायत मिलने पर तत्कालीन एसडीएम करण कुमार डहरिया अपनी टीम के साथ हंसपुर गांव पहुंचे थे। रात करीब दो बजे प्रशासनिक टीम कथित तौर पर जांच कार्रवाई कर रही थी। इसी दौरान खेत से घर लौट रहे कुछ ग्रामीणों को रोककर पूछताछ की गई, जिसके बाद विवाद की स्थिति निर्मित हो गई। आरोप है कि इस दौरान ग्रामीणों के साथ बेरहमी से मारपीट की गई। पीड़ितों में रामनरेश राम, अजीत उरांव और आकाश शामिल थे। पुलिस जांच के अनुसार, मारपीट के बाद ग्रामीणों को वाहन में बैठाकर ले जाया जा रहा था। इसी दौरान बुजुर्ग रामनरेश राम की हालत बिगड़ गई और वे बेहोश हो गए। बाद में अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद पूरे इलाके में भारी आक्रोश फैल गया था। ग्रामीणों और स्थानीय संगठनों ने प्रशासनिक अधिकारियों पर शक्ति के दुरुपयोग और बर्बरता का आरोप लगाया था। मामला तूल पकड़ने के बाद पुलिस ने तत्कालीन एसडीएम करण डहरिया समेत अन्य आरोपियों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया था। बाद में सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया। अब पुलिस द्वारा अदालत में पेश की गई 200 पन्नों की चार्जशीट में घटना से जुड़े कई महत्वपूर्ण तथ्यों और साक्ष्यों का उल्लेख किया गया है। पुलिस ने चार्जशीट में प्रत्यक्षदर्शियों के बयान, मेडिकल रिपोर्ट, पोस्टमार्टम रिपोर्ट, कॉल डिटेल और अन्य तकनीकी साक्ष्यों को शामिल किया है। जांच में यह भी उल्लेख किया गया है कि कार्रवाई के दौरान बल प्रयोग आवश्यकता से अधिक किया गया, जिससे स्थिति गंभीर हो गई। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, चार्जशीट में यह भी बताया गया है कि घटना के दौरान मौजूद अधिकारियों और कर्मचारियों की भूमिका क्या थी तथा किस स्तर पर लापरवाही या अवैध कार्रवाई हुई। जांच टीम ने घटनास्थल के निरीक्षण, ग्रामीणों के बयान और इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों के आधार पर पूरी घटनाक्रम की कड़ियां जोड़ी हैं। Post Views: 26 Please Share With Your Friends Also Post navigation 12000 रुपये घूस लेते हुआ था गिरफ्तार, अब कोर्ट ने सुनायी 3 साल की जेल 10000 का जुर्माना