कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में जमीन सीमांकन को लेकर बड़ा विवाद सामने आया है। करतला थाना क्षेत्र के नोनबिर्रा गांव में सीमांकन के दौरान ग्रामीणों और राजस्व अमले के बीच जमकर हंगामा हुआ। आरोप है कि ग्रामीणों ने राजस्व निरीक्षक (RI) और हल्का पटवारी की कार के सामने बाइक खड़ी कर रास्ता रोक दिया और दोनों अधिकारियों को करीब 2 घंटे तक मौके पर बंधक बनाए रखा।

सीमांकन के दौरान बढ़ा विवाद

जानकारी के अनुसार, 8 मई को नायब तहसीलदार के आदेश पर राजस्व निरीक्षक और पटवारी खसरा नंबर 643/1 की जमीन का सीमांकन करने पहुंचे थे। प्रक्रिया पूरी होने के बाद ग्रामीणों ने नाप-जोख पर आपत्ति जताई और इसे गलत बताते हुए हंगामा शुरू कर दिया।

गाली-गलौज और धक्का-मुक्की के आरोप

पटवारी के अनुसार, ग्रामीणों ने अधिकारियों पर रिश्वत लेकर गलत सीमांकन करने का आरोप लगाया और गाली-गलौज की। इसी दौरान कार के पीछे बाइक लगाकर रास्ता रोक दिया गया। स्थिति बिगड़ने पर धक्का-मुक्की भी हुई।

आत्महत्या की धमकी का भी आरोप

विवाद के दौरान एक ग्रामीण द्वारा रस्सी लाकर आत्महत्या की धमकी देने का भी आरोप सामने आया है। इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

FIR दर्ज, पुलिस जांच में जुटी

पटवारी की शिकायत पर करतला पुलिस ने चार ग्रामीणों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

ग्रामीणों ने लगाए गंभीर आरोप

वहीं ग्रामीण पक्ष का आरोप है कि उनकी जमीन पर गलत तरीके से सीमांकन किया गया है और दूसरे पक्ष को लाभ पहुंचाने के लिए रिश्वत ली गई है। ग्रामीणों ने कलेक्टर को आवेदन देकर निष्पक्ष जांच और कार्रवाई की मांग की है।

Please Share With Your Friends Also

By Chhattisgarh Kranti

हमारी कोशिश इस वेबसाइट के माध्यम से आप तक राजनीति, खेल, मनोरंजन, जॉब, व्यापार देश विदेश इत्यादि की ताजा और नियमित खबरें आप तक पहुंच सकें। नियमित खबरों के लिए जुड़े रहिए हमारे साथ। जय जोहार ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!