कोरबा। जिले में एक बार फिर कानून-व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े करने वाली सनसनीखेज घटना सामने आई है। भारतमाला सड़क पर जुनवानी के पास घर लौट रही एक युवती पर बाइक सवार पांच युवकों ने मिलकर जानलेवा हमला कर दिया। आरोपियों ने युवती के गले पर चाकू से वार किया और मौके से फरार हो गए। इस घटना से पूरे इलाके में दहशत का माहौल है।

घायल युवती की पहचान दिव्या कंवर, निवासी भैसमा के रूप में हुई है। उसे गंभीर अवस्था में जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। डॉक्टरों के अनुसार उसकी हालत नाजुक बनी हुई है और वह फिलहाल बोलने की स्थिति में नहीं है। हालांकि, युवती ने हिम्मत दिखाते हुए कागज पर लिखकर आरोपियों के नाम बताए हैं, जिससे पुलिस को महत्वपूर्ण सुराग मिले हैं।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि इस घटना की जड़ WhatsApp पर चल रही बातचीत है। बताया जा रहा है कि मुख्य आरोपी युवती को पहले से जानता था और उसे लगातार मैसेज करता था। युवती द्वारा बातचीत से इनकार करने और ध्यान न देने से आरोपी नाराज हो गया। इसी बात से खफा होकर उसने अपने साथियों के साथ मिलकर इस खौफनाक वारदात को अंजाम दिया।

घटना के दिन युवती अपने घर लौट रही थी, तभी रास्ते में बाइक सवार पांच युवकों ने उसे घेर लिया। बिना किसी चेतावनी के आरोपियों ने सीधे उसके गले पर चाकू से हमला कर दिया। वार इतना गंभीर था कि युवती वहीं गिर पड़ी और लहूलुहान हो गई। आसपास के लोगों ने तत्काल उसे अस्पताल पहुंचाया।

पुलिस के अनुसार इस मामले में सुनील, लक्की और नरसिंह (निवासी सरईपाली, सोहागपुर) सहित अन्य आरोपियों की संलिप्तता सामने आई है। घटना की गंभीरता को देखते हुए तहसीलदार द्वारा युवती का मृत्यु पूर्व बयान भी दर्ज किया गया है, जो जांच में अहम भूमिका निभा सकता है।

सूचना मिलते ही कोरबा सीएसपी प्रतीक चतुर्वेदी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। उरगा थाना पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर लिया है और उनकी तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

इस घटना के बाद भैसमा-जुनवानी क्षेत्र में भय और आक्रोश का माहौल है। स्थानीय लोगों ने महिलाओं की सुरक्षा को लेकर चिंता जताई है और पुलिस प्रशासन से सख्त कार्रवाई की मांग की है।

Please Share With Your Friends Also

By Chhattisgarh Kranti

हमारी कोशिश इस वेबसाइट के माध्यम से आप तक राजनीति, खेल, मनोरंजन, जॉब, व्यापार देश विदेश इत्यादि की ताजा और नियमित खबरें आप तक पहुंच सकें। नियमित खबरों के लिए जुड़े रहिए हमारे साथ। जय जोहार ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!