सरगुजा। छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले में अवैध कोयला खनन के चलते एक बड़ा हादसा सामने आया है, जिसने प्रशासनिक व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। लखनपुर थाना क्षेत्र के अमेरा खदान इलाके में अवैध खनन के दौरान मिट्टी धंसने से एक ग्रामीण की दर्दनाक मौत हो गई। मृतक की पहचान ग्राम लोसंगी निवासी भाकु के रूप में हुई है। जानकारी के मुताबिक, अमेरा खदान क्षेत्र में लंबे समय से अवैध तरीके से कोयला उत्खनन किया जा रहा है। यहां 70 से 80 फीट गहरे खतरनाक गड्ढे खोदकर ग्रामीणों से कोयला निकलवाया जाता है। इन गड्ढों की संरचना बेहद असुरक्षित होती है, जहां जरा सी चूक या हलचल से मिट्टी धंसने का खतरा बना रहता है। बताया जा रहा है कि घटना के समय भी मृतक ऐसे ही एक सुरंगनुमा गड्ढे में कोयला निकाल रहा था, तभी अचानक मिट्टी धंस गई और वह उसमें दब गया। स्थानीय लोगों का आरोप है कि क्षेत्र में कोयला तस्कर सक्रिय हैं, जो ग्रामीणों को लालच देकर या मजबूरी में जान जोखिम में डालकर अवैध खनन करवाते हैं। प्रतिदिन सैकड़ों मोटरसाइकिलों के जरिए यहां से कोयला निकालकर आसपास के ईंट भट्टों और होटलों में खपाया जाता है। लखनपुर क्षेत्र के गमला भट्ठा, चिमनी भट्ठा समेत कई स्थानों पर इस अवैध कोयले की आपूर्ति की जाती है। हादसे के बाद इलाके में दहशत और आक्रोश का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि प्रशासन को इस अवैध गतिविधि की पूरी जानकारी है, बावजूद इसके कोई ठोस कार्रवाई नहीं की जाती। यही वजह है कि इस तरह के हादसे लगातार हो रहे हैं और निर्दोष लोगों की जान जा रही है। घटना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। प्रशासन का कहना है कि दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी और अवैध खनन पर रोक लगाने के लिए अभियान चलाया जाएगा। हालांकि, स्थानीय लोगों को अब भी इस बात का डर सता रहा है कि कार्रवाई सिर्फ कागजों तक सीमित न रह जाए। Post Views: 44 Please Share With Your Friends Also Post navigation प्रतिबंधित गुटखा फैक्ट्री का भंडाफोड़, मशीनें-पैकिंग मटेरियल जब्त CM साय की कैबिनेट मीटिंग में बड़े फैसलों की तैयारी