राजनांदगांव। जिले के सोमनी थाना क्षेत्र में शुक्रवार को मौसम ने दर्दनाक त्रासदी का रूप ले लिया। तेज आंधी और बारिश के दौरान आकाशीय बिजली गिरने से तीन युवक उसकी चपेट में आ गए। हादसे में दो युवकों की इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि एक अन्य युवक गंभीर रूप से घायल है, जिसका इलाज राजनांदगांव मेडिकल कॉलेज में जारी है। घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है।

जानकारी के मुताबिक यह घटना सोमनी थाना क्षेत्र के डबरापारा स्थित बांधा तालाब के पास हुई। बताया जा रहा है कि तेज हवा, आंधी और मौसम खराब होने के दौरान तीन युवक तालाब किनारे मौजूद थे। अचानक मौसम और ज्यादा बिगड़ गया, जिसके बाद तीनों ने बचने के लिए पास में मौजूद खजूर के पेड़ के नीचे आसरा लिया। इसी दौरान तेज गर्जना के साथ आकाशीय बिजली गिर गई और तीनों युवक उसकी चपेट में आ गए।

हादसे में नीलकमल निषाद और डोमेश बघेल गंभीर रूप से झुलस गए, जबकि लोकेश बंजारे भी गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के तुरंत बाद आसपास मौजूद ग्रामीण मौके पर पहुंचे और तीनों को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। अस्पताल में इलाज के दौरान नीलकमल निषाद और डोमेश बघेल ने दम तोड़ दिया। वहीं घायल लोकेश बंजारे का उपचार मेडिकल कॉलेज अस्पताल में जारी है, जहां उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है।

घटना की सूचना मिलते ही सोमनी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने मर्ग कायम कर दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं प्रशासनिक अधिकारियों ने भी घटना की जानकारी लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है।

ग्रामीणों के अनुसार घटना के समय इलाके में तेज आंधी और बारिश का माहौल था। मौसम अचानक खराब होने पर युवक पेड़ के नीचे जाकर खड़े हो गए थे, लेकिन उन्हें अंदाजा नहीं था कि कुछ ही क्षणों में यह फैसला जानलेवा साबित हो जाएगा। घटना के बाद गांव में मातम का माहौल है और मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

Please Share With Your Friends Also

By Chhattisgarh Kranti

हमारी कोशिश इस वेबसाइट के माध्यम से आप तक राजनीति, खेल, मनोरंजन, जॉब, व्यापार देश विदेश इत्यादि की ताजा और नियमित खबरें आप तक पहुंच सकें। नियमित खबरों के लिए जुड़े रहिए हमारे साथ। जय जोहार ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!