रायपुर। आरंग में मवेशी तस्करी का आरोप लगाते हुए सतनामी समाज के पूर्व सरंपच से मारपीट करने वाले आरोपी गोल्डी शर्मा और अभिजीत शर्मा को बुधवार को गिरफ्तार कर लिया गया है. मामले में एफआईआर दर्ज होने के बाद आरोपी फरार हो गए थे. दोनों को रायपुर एयरपोर्ट से दबोचा गया और माना थाने लाया गया. हिरासत में लेकर पूछताछ के बाद उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया. पूरा मामला आरंग थाना क्षेत्र का है. सतनामी समाज ने किया था प्रदर्शन जानकारी के अनुसार, घटना 14-15 मई की रात का मामला है. मवेशी तस्करी का आरोप लगाते हुए ग्राम गुदगुदा के सरपंच बाल कुमार कुर्रे के साथ कथित गौ सेवकों ने गाली दी. इस दौरान मारपीट भी की गई. घटनाक्रम का वीडियो सामने आने के बाद से सतनामी समाज में बवाल मच गया. 16 मई को आरंग थाना में बड़ी संख्या में समाज के आक्रोशित लोगों ने प्रदर्शन किया. स्थिति की संवेदनशीलता को देखते हुए मौके पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) अभिषेक कुमार झा और डीएसपी लंबोदर पटेल सहित भारी पुलिस बल तैनात किया गया था. समाज के लोगों ने पुलिस प्रशासन को ज्ञापन सौंपकर आरोपियों के खिलाफ सख्त से सख्त धाराओं के तहत कार्रवाई की मांग की थी. जनाक्रोश और मामले की गंभीरता को देखते हुए आरंग पुलिस ने तत्परता दिखाई. पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ एसटी/एससी एक्ट (Acrocity Act) सहित भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न गंभीर धाराओं के तहत अपराध पंजीबद्ध किया. पुलिस टीम ने दबिश देकर मुख्य आरोपी गोल्डी शर्मा और उसके साथी अभिजीत शर्मा को अपनी हिरासत में ले लिया. मामले में डीएसपी लंबोदर पटेल ने बताया कि आरंग थाना के सामने एक वीडियो वायरल हुआ था. मामले में पुलिस ने एफआईआर दर्ज की थी. आरोपियों की लगातार तलाश जारी थी. तकनिकी सहायता के लिए सायबर सेल और एसीसीयू की टीम से मदद ली जा रही थी. इनपुट्स के आधार पर रायपुर एयरपोर्ट पर भी सतत निगरानी जारी थी. गोल्ड और अभिजीत शर्मा को बुधवार को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई है. वैधानिक कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है. रायपुर के विशेष न्यायलय में आज उन्हें पेश किया जाएगा. डीएसपी पटेल का कहना है कि कानून व्यवस्था को हाथ में लेने वाले किसी भी शख्स को बख्शा नहीं जाएगा, चाहे वह कोई भी हो. थाना परिसर में इस तरह की गुंडागर्दी बर्दाश्त के बाहर है. दोनों मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है.आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद पुलिस प्रशासन ने सतनामी समाज के प्रतिनिधियों और स्थानीय नागरिकों से शांति और धैर्य बनाए रखने की अपील की है. फिलहाल क्षेत्र में स्थिति नियंत्रण में है और आरंग पुलिस मामले की आगे की जांच में जुट गई है. Post Views: 134 Please Share With Your Friends Also Post navigation पेट्रोल-डीजल संकट के बीच स्वास्थ्य विभाग अलर्ट, हेल्थ कमिश्नर का कलेक्टरों को पत्र, एम्बुलेंस सेवाओं को प्राथमिकता से ईंधन देने के निर्देश महिला बाल विकास विभाग में बड़ा फेरबदल, 30 परियोजना अधिकारी हुए इधर से उधर, देखें List