रायपुर। राजधानी रायपुर में प्रस्तावित एक हाई-प्रोफाइल “रेड रूम टेक्नो पार्टी” को लेकर विवाद गहराता जा रहा है। सोशल मीडिया पर खुलेआम किए जा रहे पार्टी प्रमोशन ने अब पुलिस और सामाजिक संगठनों का ध्यान अपनी ओर खींच लिया है। आरोप है कि पार्टी के प्रचार में नाबालिग लड़कियों का इस्तेमाल किया गया और वीडियो को भड़काऊ अंदाज में पेश कर युवाओं को आकर्षित करने की कोशिश की गई।

जानकारी के मुताबिक यह पार्टी शुक्रवार शाम 6 बजे से रात 11 बजे तक शहर के “फर्जी कैफे” नामक स्थान पर आयोजित की जानी है। पार्टी के लिए अलग-अलग कैटेगरी में 8 हजार से लेकर 40 हजार रुपए तक की बुकिंग फीस तय की गई है। वहीं कलाकारों से मुलाकात के नाम पर भी अलग से शुल्क वसूले जाने की बात सामने आई है।

सूत्रों के अनुसार, इस पार्टी में नशे से जुड़े पदार्थ परोसे जाने की आशंका भी जताई जा रही है। इसी को लेकर आयोजन स्थल की अनुमति, सुरक्षा व्यवस्था और कानूनी प्रक्रिया पर सवाल उठने लगे हैं। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे प्रमोशनल वीडियो को लेकर लोगों में नाराजगी बढ़ती जा रही है।

स्थानीय सामाजिक संगठनों और नागरिकों ने इस आयोजन को छत्तीसगढ़ की संस्कृति और सामाजिक मर्यादाओं के खिलाफ बताते हुए प्रशासन से तत्काल कार्रवाई की मांग की है। उनका कहना है कि राजधानी में इस तरह के आयोजनों को खुली छूट देना युवाओं पर गलत असर डाल सकता है।

मामले को लेकर पुलिस भी अलर्ट मोड पर आ गई है। ACP रमाकांत साहू ने कहा कि इस तरह के आयोजन की सूचना पुलिस को नहीं दी गई थी। अब पूरे मामले को संज्ञान में लेकर जांच की जा रही है और यह सुनिश्चित किया जाएगा कि किसी भी प्रकार का अश्लील या अवैध आयोजन न हो।

Please Share With Your Friends Also

By Chhattisgarh Kranti

हमारी कोशिश इस वेबसाइट के माध्यम से आप तक राजनीति, खेल, मनोरंजन, जॉब, व्यापार देश विदेश इत्यादि की ताजा और नियमित खबरें आप तक पहुंच सकें। नियमित खबरों के लिए जुड़े रहिए हमारे साथ। जय जोहार ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!