रायपुर। प्रदेश में गर्मी ने एक बार फिर अपने तेवर कड़े कर लिए हैं। पिछले 24 घंटों में तापमान में करीब दो डिग्री की बढ़ोतरी दर्ज की गई है, जिससे लोगों को भीषण गर्मी का सामना करना पड़ रहा है। मौसम विभाग (IMD Forecast) के अनुसार आने वाले दिनों में राहत की संभावना बेहद कम है।

कई शहरों में 44 डिग्री के पार तापमान
राजनांदगांव प्रदेश का सबसे गर्म शहर रहा, जहां अधिकतम तापमान 44.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं राजधानी रायपुर में पारा 43.4 डिग्री तक पहुंच गया, जो सामान्य से तीन डिग्री अधिक है। इसके अलावा बिलासपुर में 43.6, माना एयरपोर्ट में 42.8, दुर्ग में 42.8 और पेण्ड्रारोड में 40.9 डिग्री तापमान रिकॉर्ड किया गया। अंबिकापुर में न्यूनतम तापमान 20.5 डिग्री दर्ज हुआ।

लू और तेज हवाओं का अलर्ट
मौसम विभाग ने अगले दो दिनों के लिए लू चलने की चेतावनी जारी की है। कुछ क्षेत्रों में गरज-चमक के साथ 30 से 40 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चलने और हल्की बारिश की संभावना जताई गई है। शनिवार को अधिकतम तापमान 44 डिग्री के आसपास रहने का अनुमान है।

मौसम सिस्टम का असर
प्रदेश में बढ़ती गर्मी के पीछे पूर्वी उत्तर प्रदेश से दक्षिण बांग्लादेश तक फैली द्रोणिका और महाराष्ट्र क्षेत्र में सक्रिय चक्रवात को जिम्मेदार माना जा रहा है। इसके कारण गर्म और शुष्क हवाओं का प्रभाव तेज हुआ है। हालांकि 26 अप्रैल से दक्षिण बस्तर में आंशिक राहत मिलने की संभावना जताई गई है।

Please Share With Your Friends Also

By Chhattisgarh Kranti

हमारी कोशिश इस वेबसाइट के माध्यम से आप तक राजनीति, खेल, मनोरंजन, जॉब, व्यापार देश विदेश इत्यादि की ताजा और नियमित खबरें आप तक पहुंच सकें। नियमित खबरों के लिए जुड़े रहिए हमारे साथ। जय जोहार ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!