रायपुर। छत्तीसगढ़ के मध्य हिस्से में अब गर्मी ने पूरी तरह दस्तक दे दी है और अगले 24 घंटे में कई इलाकों में लू जैसे हालात बनने की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग के अनुसार रायपुर, बिलासपुर और दुर्ग संभाग इस समय भीषण गर्मी की चपेट में हैं, जहां लोगों को 40 डिग्री से ज्यादा तापमान झेलना पड़ रहा है। मंगलवार को राजधानी रायपुर प्रदेश का सबसे गर्म शहर रहा, जहां अधिकतम तापमान 41.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं सबसे कम न्यूनतम तापमान 17.9 डिग्री सेल्सियस अंबिकापुर में रिकॉर्ड किया गया।

मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक उत्तर-पश्चिम से आ रही गर्म हवाओं के कारण तापमान लगातार बढ़ रहा है। पिछले 24 घंटों में भी पारा ऊपर चढ़ा है और आने वाले समय में इसमें और बढ़ोतरी हो सकती है। प्रदेश के मध्य हिस्से का औसत तापमान सामान्य से 1 से 2 डिग्री अधिक दर्ज किया जा रहा है। मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि मध्य क्षेत्र के एक-दो हिस्सों में ग्रीष्म लहर यानी लू जैसी स्थिति बन सकती है।

हालांकि बस्तर और सरगुजा संभाग के जिलों में अभी गर्मी का असर कम है। वहां तापमान में हल्का उतार-चढ़ाव रहेगा, लेकिन किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं है। विशेषज्ञों का कहना है कि इन क्षेत्रों में अप्रैल के अंतिम दिनों में गर्मी का असर तेज हो सकता है।

मौसम विशेषज्ञ एचपी चंद्रा ने बताया कि अलग-अलग मौसम प्रणालियों और द्रोणिकाओं के प्रभाव से प्रदेश में फिलहाल मौसम शुष्क बना रहेगा। बारिश की कोई संभावना नहीं है। राजधानी रायपुर में आज आकाश मुख्यतः साफ रहेगा। यहां अधिकतम तापमान 42 डिग्री और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।

लोगों को सलाह दी गई है कि दोपहर के समय धूप में निकलने से बचें, पर्याप्त पानी पिएं और जरूरी होने पर ही बाहर जाएं। आने वाले दिनों में गर्मी और बढ़ सकती है।

Please Share With Your Friends Also

By Chhattisgarh Kranti

हमारी कोशिश इस वेबसाइट के माध्यम से आप तक राजनीति, खेल, मनोरंजन, जॉब, व्यापार देश विदेश इत्यादि की ताजा और नियमित खबरें आप तक पहुंच सकें। नियमित खबरों के लिए जुड़े रहिए हमारे साथ। जय जोहार ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!