रायपुर। राजधानी रायपुर से दुखद खबर सामने आई है। रायपुर नगर निगम के पूर्व पार्षद और कांग्रेस नेता अमका हार्ट अटैक से निधन हो गया। बताया जा रहा है कि वे अपने दोस्तों के साथ घूमने के लिए कान्हा नेशनल पार्क गए हुए थे, जहां अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई। इस घटना के बाद परिवार, समर्थकों और कांग्रेस कार्यकर्ताओं में शोक की लहर फैल गई है।

मिली जानकारी के अनुसार, अमित दास रायपुर नगर निगम क्षेत्र के संतोषी नगर मोरेश्वर राव गद्रे वार्ड से जुड़े हुए थे और अपने कुछ दोस्तों के साथ कान्हा किसली नेशनल पार्क घूमने पहुंचे थे। सभी लोग एक निजी रिजॉर्ट में ठहरे हुए थे। गुरुवार रात वे रिजॉर्ट के स्विमिंग पूल में नहा रहे थे। इसी दौरान अचानक उनके गले में पानी चला गया, जिसके बाद उनकी तबीयत बिगड़ने लगी।

मौके पर मौजूद दोस्तों और होटल स्टाफ ने उन्हें संभालने की कोशिश की और प्राथमिक उपचार भी दिया गया, लेकिन उनकी हालत लगातार गंभीर होती चली गई। बताया जा रहा है कि कुछ ही देर बाद उन्हें हार्ट अटैक आया। तत्काल चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराने की कोशिश की गई, लेकिन उन्हें बचाया नहीं जा सका। घटना के बाद वहां मौजूद लोगों ने तुरंत स्थानीय प्रशासन और उनके परिजनों को सूचना दी।

शुक्रवार सुबह उनका शव रायपुर लाया गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद अंतिम संस्कार किया जाएगा। परिवार की ओर से दी गई जानकारी के अनुसार उनकी अंतिम यात्रा शुक्रवार दोपहर 3 बजे लक्ष्मी नगर स्थित प्रिंस कॉलोनी निवास से गोकुल नगर मठपुरेना के लिए निकलेगी।

अमित दास रायपुर नगर निगम की राजनीति में एक सक्रिय और लोकप्रिय चेहरा माने जाते थे। वे संतोषी नगर मोरेश्वर राव गद्रे वार्ड से लगातार तीन बार पार्षद चुने गए थे। नगर निगम में उन्होंने एमआईसी सदस्य के रूप में भी अपनी जिम्मेदारियां निभाई थीं। कांग्रेस संगठन में भी उनकी सक्रिय भूमिका रही और वे पार्टी के कई सामाजिक एवं राजनीतिक कार्यक्रमों में प्रमुखता से भाग लेते थे।

वे पूर्व ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष सुमित दास और विनीत दास के छोटे भाई थे। सामाजिक क्षेत्र में भी उनकी अच्छी पहचान थी और वे लोगों के बीच सहज व्यवहार के लिए जाने जाते थे। उनके आकस्मिक निधन की खबर मिलते ही कांग्रेस नेताओं, कार्यकर्ताओं और समर्थकों में शोक की लहर दौड़ गई।

Please Share With Your Friends Also

By Chhattisgarh Kranti

हमारी कोशिश इस वेबसाइट के माध्यम से आप तक राजनीति, खेल, मनोरंजन, जॉब, व्यापार देश विदेश इत्यादि की ताजा और नियमित खबरें आप तक पहुंच सकें। नियमित खबरों के लिए जुड़े रहिए हमारे साथ। जय जोहार ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!