कोरबा छत्तीसगढ़ की ऊर्जाधानी कहे जाने वाले कोरबा जिले से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है, जहां शराब के नशे में धुत एक युवक 150 फीट ऊंचे हाईटेंशन टॉवर पर चढ़ गया। इस घटना से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया और करीब 7 घंटे तक हाईवोल्टेज ड्रामा चलता रहा। आखिरकार पुलिस और प्रशासन की कड़ी समझाइश के बाद युवक को सकुशल नीचे उतारा गया, जिसके बाद सभी ने राहत की सांस ली।

शराब के नशे में की जानलेवा हरकत

यह पूरी घटना करतला थाना क्षेत्र के नोन्दरहा बरकोंना गांव की है। गांव का निवासी देव सिंह राठिया, जो दो बच्चों का पिता है, अत्यधिक शराब के नशे में था। नशे की हालत में वह गांव में स्थित 150 फीट ऊंचे हाईटेंशन बिजली के टॉवर पर चढ़ गया। युवक टॉवर पर कभी ऊपर तो कभी नीचे की ओर बढ़ने लगा, जिससे उसकी जान पर बड़ा खतरा मंडरा रहा था।

नीचे रोते-गिड़गिड़ाते रहे परिजन

युवक को टॉवर पर चढ़ा देख नीचे खड़े उसकी पत्नी, बच्चे और गांव वाले घंटो गिड़गिड़ाते रहे और उससे नीचे उतरने की भीख मांगते रहे। लेकिन नशे में धुत होने के कारण युवक पर उनकी बातों का कोई असर नहीं हो रहा था। इस अजीबो-गरीब ड्रामे को देखने के लिए मौके पर सैकड़ों ग्रामीणों की भीड़ इकट्ठा हो गई।

प्रशासन और पुलिस ने 7 घंटे की मशक्कत के बाद उतारा

घटना की सूचना मिलते ही करतला थाना प्रभारी गणेश यादव अपनी टीम के साथ तुरंत मौके पर पहुंचे। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए तहसीलदार को भी मौके पर बुलाया गया। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने युवक को समझाने का प्रयास शुरू किया। आखिरकार, 7 घंटे की कड़ी मशक्कत और समझाइश के बाद युवक का नशा कुछ कम हुआ और उसे सुरक्षित नीचे उतार लिया गया।

युवक के सकुशल नीचे आने के बाद परिजनों, ग्रामीणों और मुस्तैद पुलिस प्रशासन ने राहत की सांस ली है। इस पूरी घटना का लाइव वीडियो भी सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है।

Please Share With Your Friends Also

By Chhattisgarh Kranti

हमारी कोशिश इस वेबसाइट के माध्यम से आप तक राजनीति, खेल, मनोरंजन, जॉब, व्यापार देश विदेश इत्यादि की ताजा और नियमित खबरें आप तक पहुंच सकें। नियमित खबरों के लिए जुड़े रहिए हमारे साथ। जय जोहार ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!