नई दिल्ली। मिडिल ईस्ट में जारी तनाव के बीच एलपीजी सिलिंडर की सप्लाई और बुकिंग को लेकर उपभोक्ताओं को कई तरह की परेशानियों का सामना करना पड़ा है। इसी बीच केंद्र सरकार ने घरेलू एलपीजी सिलिंडर की दोबारा बुकिंग को लेकर बड़ा बदलाव किया है। नए नियम के तहत ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों के घरेलू एलपीजी उपभोक्ताओं के लिए सिलिंडर बुकिंग का अंतराल अब समान कर दिया गया है। सरकार ने ग्रामीण इलाकों में दूसरे एलपीजी सिलिंडर की बुकिंग के लिए लागू 45 दिनों की समय सीमा को घटाकर 25 दिन कर दिया है। यानी अब ग्रामीण क्षेत्र के उपभोक्ता एक सिलिंडर लेने के 25 दिन बाद दूसरा रिफिल बुक कर सकेंगे। इससे अधिक खपत वाले परिवारों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है। नए नियम के बाद शहरी और ग्रामीण दोनों क्षेत्रों के घरेलू एलपीजी ग्राहकों के लिए रिफिल बुकिंग का अंतराल 25 दिन हो गया है। इससे उन परिवारों को विशेष रूप से फायदा होगा, जिनके घर में एलपीजी की खपत अधिक है और खाना पकाने के लिए उनके पास वैकल्पिक ईंधन की व्यवस्था नहीं है। केंद्रीय मंत्री सुरेश गोपी ने भी सोशल मीडिया के जरिए इस बदलाव की जानकारी साझा की। उन्होंने बताया कि एलपीजी सप्लाई की मौजूदा स्थिति में सुधार और रिफिल बैकलॉग में कमी को देखते हुए सरकार ने बुकिंग से जुड़ी पाबंदी में ढील दी है। अब शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों के सभी घरेलू एलपीजी ग्राहक 25 दिन के अंतराल पर रिफिल बुक कर सकेंगे। इससे पहले ग्रामीण क्षेत्रों में रहने वाले उपभोक्ताओं को दूसरा सिलिंडर बुक करने के लिए 45 दिनों तक इंतजार करना पड़ता था। वहीं, शहरी क्षेत्रों में 25 दिन के अंतराल पर दूसरा सिलिंडर बुक करने की सुविधा थी। अलग-अलग नियम होने के कारण ग्रामीण परिवारों को अधिक परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। दरअसल, मिडिल ईस्ट में तनाव के कारण ऊर्जा आपूर्ति और ईंधन बाजार पर दबाव बढ़ा है। इसका असर एलपीजी की उपलब्धता और सप्लाई व्यवस्था पर भी पड़ा। इसी वजह से एलपीजी रिफिल की बुकिंग और सप्लाई को लेकर कई स्तर पर बदलाव किए गए थे। अब सप्लाई की स्थिति में सुधार आने के बाद सरकार ने ग्रामीण उपभोक्ताओं के लिए बुकिंग अंतराल कम करने का फैसला लिया है। नए नियम से खासतौर पर ग्रामीण क्षेत्रों के उन परिवारों को राहत मिलेगी, जहां घरेलू खाना पकाने के लिए एलपीजी पर निर्भरता अधिक है। 45 दिनों के बजाय 25 दिन में रिफिल बुक करने की सुविधा मिलने से सिलिंडर खत्म होने की स्थिति में उपभोक्ताओं को लंबे इंतजार से राहत मिल सकेगी। Post Views: 4 Please Share With Your Friends Also Post navigation आबकारी विभाग के 3 अधिकारी सस्पेंड, 20 आरोपियों के खिलाफ FIR