उदयपुर/सरगुजा। उदयपुर विकासखंड के अंतर्गत दुर्गम ग्राम केदमा के आसपास स्थित वन बाहुल्य ग्रामों के लिए गुरुवार का दिन महत्वपूर्ण रहा। छत्तीसगढ़ शासन के पर्यटन मंत्री राजेश अग्रवाल ने दोपहर 3 बजे केदमा में नवनिर्मित 33/11 केवी विद्युत सब-स्टेशन का लोकार्पण किया। लगभग 2 करोड़ 42 लाख रुपये की लागत से निर्मित इस सब-स्टेशन से केदमा सहित आसपास के 14 गांवों के लगभग 2000 विद्युत उपभोक्ताओं को लाभ मिलेगा। कार्यक्रम में बताया गया कि पूर्व में इन वनांचल ग्रामों में विद्युत आपूर्ति उदयपुर के लक्ष्मणगढ़ फीडर से लगभग 80 किलोमीटर तथा 33/11 केवी सब-स्टेशन कुन्नी फीडर से लगभग 80 किलोमीटर दूरी से होती थी। लंबी दूरी और जंगलों से होकर गुजरने वाली विद्युत लाइनों के कारण आए दिन विद्युत व्यवधान होता था और ग्रामीणों को सतत एवं गुणवत्तापूर्ण बिजली उपलब्ध कराने में परेशानी आती थी। केदमा में नए 33/11 केवी सब-स्टेशन के निर्माण से 11 केवी फीडरों की लंबाई कम हो गई है। इससे लो-वोल्टेज एवं विद्युत व्यवधान में कमी आएगी तथा फॉल्ट होने पर उसका त्वरित समाधान किया जा सकेगा। इससे संबंधित ग्रामों में पहले से बेहतर एवं निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित होगी। पर्यटन मंत्री राजेश अग्रवाल ने कहा, “केदमा और आसपास के वनांचल क्षेत्रों के लिए आज का दिन बेहद महत्वपूर्ण है। यहां 33/11 केवी विद्युत सब-स्टेशन का लोकार्पण किया गया है। पहले इन क्षेत्रों में काफी लंबी दूरी से बिजली की आपूर्ति होती थी, जिसके कारण लो-वोल्टेज और विद्युत व्यवधान जैसी समस्याएं बनी रहती थीं। इस सब-स्टेशन के शुरू होने से बिजली की लाइन की दूरी कम होगी और ग्रामीणों को बेहतर, गुणवत्तापूर्ण एवं निर्बाध विद्युत आपूर्ति मिल सकेगी। इसका सीधा लाभ 14 गांवों के लगभग 2000 विद्युत उपभोक्ताओं को मिलेगा। हमारी सरकार का प्रयास है कि दूरस्थ और वनांचल क्षेत्रों के अंतिम गांव तक भी मूलभूत सुविधाएं बेहतर तरीके से पहुंचें।” कार्यक्रम में जनपद सदस्य नागेश्वरी पैकरा, सरपंच कृतिका सिंह, भाजपा जिला महामंत्री विनोद हर्ष, मंत्री प्रतिनिधि राकेश अग्रवाल, मंडल अध्यक्ष प्रबोध सिंह, अखंड विधायक सिंह, बुध मोहन सिंह, मूलचंद अग्रवाल, सुनील अग्रवाल, महेश्वर, ब्रजेश चतुर्वेदी सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं कार्यकर्ता कार्यक्रम में शामिल हुए। कार्यक्रम में विद्युत विभाग के मुख्य अभियंता यशवंत सिलेदार, एसई आर.के. चंद्राकर, एस.पी. कुमार, डीई आर.पी. मिश्रा, आर. नागवंशी, कुन्दन कुमार, एई राजेश जायसवाल, लोकेश नामदेव, मनीष खत्री, अमित टोप्पो, महेंद्र साहू, रघुवंश साहू, जेई राजेंद्र रजवाड़े, पूनम राजवाड़े सहित अन्य विभागीय अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे। नए विद्युत सब-स्टेशन के लोकार्पण से केदमा सहित आसपास के वनांचल क्षेत्रों में वर्षों से चली आ रही बिजली की समस्या से राहत मिलने तथा ग्रामीणों को बेहतर विद्युत सुविधा उपलब्ध होने की उम्मीद है। Post Views: 36 Please Share With Your Friends Also Post navigation हायर सेकेंडरी स्कूल उदयपुर में नवनिर्वाचित छात्र संसद का भव्य अलंकरण समारोह संपन्न