बालोद। अंबिकापुर में भाजपा विधायक द्वारा तहसीलदार से कथित अभद्रता का मामला अभी शांत भी नहीं हुआ था कि बालोद जिले के दल्लीराजहरा से एक और विवाद सामने आ गया है। यहां भाजपा के जिला व्यापारी प्रकोष्ठ अध्यक्ष, पूर्व मंडल अध्यक्ष एवं राजहरा व्यापारी संघ के अध्यक्ष गोविंद वाधवानी पर होटल व्यवसायी से मारपीट और राजस्व अधिकारियों के साथ अशोभनीय व्यवहार करने के आरोप लगे हैं।

जानकारी के अनुसार, दल्लीराजहरा क्षेत्र में एक जमीन विवाद को लेकर चल रहे विवाद के बीच गोविंद वाधवानी मौके पर पहुंचे थे। आरोप है कि इस दौरान उन्होंने एक होटल व्यवसायी के साथ धक्का-मुक्की की और उसे जमीन पर गिरा दिया। साथ ही मौके पर मौजूद राजस्व विभाग के अधिकारियों के प्रति भी अपशब्दों का इस्तेमाल किया।

घटना से जुड़े कई वीडियो और सीसीटीवी फुटेज सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं। वायरल वीडियो में कथित तौर पर भाजपा नेता को विवाद के दौरान तीखी बहस, गाली-गलौज और धक्का-मुक्की करते हुए देखा जा सकता है। हालांकि वायरल वीडियो की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।

पीड़ित होटल व्यवसायी ने घटना की शिकायत दल्लीराजहरा थाना में दर्ज कराई है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने गोविंद वाधवानी समेत चार लोगों के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

नगर पुलिस अधीक्षक विकास पाटले ने बताया कि जमीन विवाद से जुड़े इस मामले में तीन अलग-अलग पक्षों द्वारा लिखित शिकायतें प्राप्त हुई थीं। शिकायतों के परीक्षण के बाद गोविंद वाधवानी सहित चार व्यक्तियों के खिलाफ अपराध दर्ज किया गया है और मामले को विवेचना में लिया गया है।

फिलहाल पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है। वहीं सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो को लेकर भी तथ्य जुटाए जा रहे हैं। मामले ने क्षेत्र में राजनीतिक और प्रशासनिक हलकों में चर्चा तेज कर दी है।

Please Share With Your Friends Also

By Chhattisgarh Kranti

हमारी कोशिश इस वेबसाइट के माध्यम से आप तक राजनीति, खेल, मनोरंजन, जॉब, व्यापार देश विदेश इत्यादि की ताजा और नियमित खबरें आप तक पहुंच सकें। नियमित खबरों के लिए जुड़े रहिए हमारे साथ। जय जोहार ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!