धमतरी। जिले में गांजा तस्करी के एक आरोपी के पुलिस अभिरक्षा से फरार होने का मामला सामने आया है। मेडिकल मुलाहिजा के दौरान आरोपी ने पुलिसकर्मियों को चकमा दिया और अस्पताल से फरार हो गया। घटना के बाद पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया है और आरोपी की तलाश के लिए विशेष टीमें रवाना की गई हैं।

जानकारी के अनुसार, बुधवार को सिहावा थाना पुलिस ने सांकरा बैरियर के पास वाहन जांच के दौरान एक कार से गांजा बरामद कर आरोपी पलाश गजभिए, निवासी नागपुर (महाराष्ट्र) को गिरफ्तार किया था। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई की जा रही थी।

गिरफ्तारी के बाद पुलिस आरोपी को मेडिकल जांच के लिए नगरी अस्पताल लेकर पहुंची। इसी दौरान मुलाहिजा प्रक्रिया के समय हथकड़ी खोले जाने का फायदा उठाकर आरोपी पुलिसकर्मियों को चकमा देकर अस्पताल परिसर से फरार हो गया।

आरोपी के फरार होने की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। वरिष्ठ अधिकारियों को तत्काल मामले की जानकारी दी गई, जिसके बाद आरोपी की तलाश के लिए अलग-अलग टीमों को रवाना किया गया। अस्पताल और आसपास के क्षेत्रों के सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि फरार आरोपी की तलाश युद्धस्तर पर की जा रही है और जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा। वहीं घटना के बाद पुलिस अभिरक्षा में हुई इस बड़ी चूक को लेकर विभागीय स्तर पर भी समीक्षा शुरू कर दी गई है।

गांजा तस्करी के आरोपी के पुलिस गिरफ्त से फरार होने की इस घटना ने पुलिस सुरक्षा व्यवस्था और निगरानी व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।

Please Share With Your Friends Also

By Chhattisgarh Kranti

हमारी कोशिश इस वेबसाइट के माध्यम से आप तक राजनीति, खेल, मनोरंजन, जॉब, व्यापार देश विदेश इत्यादि की ताजा और नियमित खबरें आप तक पहुंच सकें। नियमित खबरों के लिए जुड़े रहिए हमारे साथ। जय जोहार ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!