धमतरी। धमतरी जिले में गांजा तस्करी के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। अप्रैल माह में गांजा तस्करी के आरोप में गिरफ्तार किए गए पति-पत्नी से जुड़े मामले की जांच के दौरान एक नया खुलासा हुआ है। तकनीकी साक्ष्यों और जांच के आधार पर पुलिस ने इस मामले में संलिप्त पाए गए एक नगर सैनिक को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। जानकारी के अनुसार, मगरलोड थाना पुलिस ने अप्रैल महीने में करीब 1.660 किलोग्राम गांजा जब्त किया था, जिसकी कीमत लगभग एक लाख रुपये आंकी गई थी। इस मामले में पहले एक पति-पत्नी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा गया था। पुलिस द्वारा की जा रही विस्तृत जांच और तकनीकी विश्लेषण के दौरान मामले में महेश सिन्हा नामक नगर सैनिक की भूमिका सामने आई। जांच में उसके नशे के कारोबार से जुड़े होने के संकेत मिलने पर पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसके बाद उसे विधिवत गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, यह इस प्रकरण की तीसरी गिरफ्तारी है। आरोपी नगर सैनिक की संलिप्तता सामने आने के बाद मामले की जांच का दायरा और बढ़ा दिया गया है। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि कहीं इस नेटवर्क से अन्य लोग भी जुड़े तो नहीं हैं। मगरलोड थाना पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई करते हुए उसे न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। पुलिस का कहना है कि नशे के कारोबार में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और पूरे नेटवर्क का पर्दाफाश करने के लिए जांच जारी है। Post Views: 14 Please Share With Your Friends Also Post navigation CG ब्रेकिंग : गांजा की तस्करी करते 5 आरोपी पकड़ाए, 400 किलो से अधिक गांजा जब्त…