रायगढ़। जिले के घरघोड़ा क्षेत्र में पति की मेहनत की कमाई को कथित रूप से चोरी-छिपे मायके पक्ष को पहुंचाने का मामला सामने आया है। पुलिस ने जांच के बाद पत्नी और उसके भाई को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि महिला का पिता अभी फरार बताया जा रहा है। प्रारंभिक जांच में करीब 23 लाख रुपये के संदिग्ध लेन-देन का खुलासा हुआ है।

पुलिस के अनुसार, घरघोड़ा के वार्ड क्रमांक-5 छाल रोड निवासी पिंगल कुमार बघेल ने वर्ष 2008 में सीमा बघेल से प्रेम विवाह किया था। पिंगल कुमार फेब्रिकेशन और सेंट्रिंग का काम करते हैं। व्यवसाय से होने वाली आय को सुरक्षित रखने के लिए वे नियमित रूप से अपनी कमाई पत्नी को सौंपते थे।

समय के साथ व्यवसाय में प्रगति होने पर पत्नी के पिता भरतलाल यादव और भाई कृष्ण कुमार यादव का घर में आना-जाना बढ़ गया। इसी दौरान पिंगल कुमार को घर में रखी रकम कम होने का संदेह हुआ। सच्चाई जानने के लिए उन्होंने घर में सीसीटीवी कैमरे लगवाए।

सीसीटीवी फुटेज की जांच में कथित तौर पर सामने आया कि पत्नी आलमारी से नकदी निकालकर अपने भाई को दे रही थी। इसके बाद मामले की शिकायत पुलिस से की गई। जांच के दौरान पुलिस को कृष्ण कुमार यादव के बैंक खाते में लगभग 23 लाख रुपये के लेन-देन के साक्ष्य मिले।

पुलिस ने मामले में पत्नी सीमा बघेल, उसके भाई कृष्ण कुमार यादव और पिता भरतलाल यादव के खिलाफ धोखाधड़ी तथा आपराधिक षड्यंत्र की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। कार्रवाई के तहत पत्नी और उसके भाई को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि फरार आरोपी पिता की तलाश जारी है।

पुलिस का कहना है कि मामले की विस्तृत जांच जारी है और वित्तीय लेन-देन के अन्य पहलुओं की भी पड़ताल की जा रही है।

Please Share With Your Friends Also

By Chhattisgarh Kranti

हमारी कोशिश इस वेबसाइट के माध्यम से आप तक राजनीति, खेल, मनोरंजन, जॉब, व्यापार देश विदेश इत्यादि की ताजा और नियमित खबरें आप तक पहुंच सकें। नियमित खबरों के लिए जुड़े रहिए हमारे साथ। जय जोहार ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!