दुर्ग। दुर्ग जिले में मासूम बच्ची के साथ हैवानियत कर दुष्कर्म करने में मामले में सोमवार को निगम प्रशासन ने सख्त एक्शन लिया है। नगर निगम और पुलिस की मौजूदगी में आरोपी के अवैध मकान पर बुलडोजर चलाकर जमींदोज कर दिया गया। जहां आरोपी और उसका परिवार शासकीय जमीन पर कब्जा कर रह रहे थे। पुलिस और निगम प्रशासन के इस एक्शन के बाद अवैध कब्जा धारियों के साथ ही अपराधिक तत्वों के बीच हड़कंप मचा हुआ है।

गौरतलब है कि पिछले दिनों दुर्ग के पुरानी भिलाई थाना क्षेत्र में एक नाबालिग बच्ची के साथ दुष्र्कम की घटना घटित हुई थी। दुष्कर्म के आरोपी किशोर चौहान उर्फ चेटा के खिलाफ पहले से ही गंभीर आपराधिक मामला दर्ज है। नाबालिग बच्ची से दुष्कर्म और मारपीट की घटना के बाद पुलिस ने आरोपी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। वहीं इस घटना को लेकर क्षेत्रीय लोगों में आरोपी के खिलाफ गहरी नाराजगी और आक्रोश था।

प्रशासन की जांच में यह सामने आया कि आरोपी और उसके परिजन ग्राम पुरैना में सरकारी जमीन पर अवैध रूप से मकान बनाकर रह रहे थे। इस पर नगर निगम प्रशासन ने नियमानुसार पहले नोटिस जारी कर मकान खाली करने के निर्देश दिए थे। लेकिन निर्धारित समय में आदेश का पालन नहीं किया गया। नोटिस की अनदेखी के बाद सोमवार को प्रशासन ने कड़ी कार्रवाई करते हुए पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचकर पूरे क्षेत्र को घेर लिया।

कार्रवाई से पहले मकान के अंदर रखा सामान बाहर निकाला गया और फिर बुलडोजर से अवैध निर्माण को जमींदोज कर दिया गया। इस कार्रवाई को प्रशासन द्वारा कानून व्यवस्था बनाए रखने और अवैध कब्जों पर सख्ती के रूप में देखा जा रहा है। स्थानीय स्तर पर यह कदम एक सख्त संदेश के तौर पर भी सामने आया है कि गंभीर अपराधों में लिप्त आरोपियों के खिलाफ हर स्तर पर कार्रवाई की जाएगी।

Please Share With Your Friends Also

By Chhattisgarh Kranti

हमारी कोशिश इस वेबसाइट के माध्यम से आप तक राजनीति, खेल, मनोरंजन, जॉब, व्यापार देश विदेश इत्यादि की ताजा और नियमित खबरें आप तक पहुंच सकें। नियमित खबरों के लिए जुड़े रहिए हमारे साथ। जय जोहार ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!