कवर्धा। छत्तीसगढ़ के कवर्धा जिले से एक दर्दनाक मामला सामने आया है, जहां एक प्रेमी जोड़े ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। दोनों की लाशें घर के अंदर अलग-अलग फंदों पर लटकती हुई मिलीं। घटना पांडातराई थाना क्षेत्र के जंगलपुर गांव की है। इस घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। मृतकों की पहचान रामलाल चंद्रवंशी (34) और रीना चंद्रवंशी (29) के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, दोनों पहले से शादीशुदा थे, लेकिन आपसी संबंधों के चलते करीब 4 साल पहले अपने-अपने परिवार और बच्चों को छोड़कर साथ भाग गए थे। इसके बाद दोनों रायपुर में रहने लगे और वहीं उन्होंने शादी भी कर ली। जानकारी के मुताबिक, रामलाल मजदूरी और बाद में ड्राइवरी का काम करता था। वहीं रीना का पति रामलाल का ही दोस्त था, जिसके चलते उसका घर पर आना-जाना लगा रहता था। इसी दौरान दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं और उन्होंने साथ रहने का फैसला कर लिया। करीब एक महीने पहले, मार्च में दोनों वापस अपने गांव जंगलपुर लौट आए थे और परिवार से अलग एक किराए के घर में रहने लगे थे। 19 अप्रैल को रामलाल के पिता जब उनसे मिलने पहुंचे, तो घर का दरवाजा अंदर से बंद मिला। काफी आवाज लगाने के बावजूद जब कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली, तो उन्होंने खिड़की से अंदर झांककर देखा। अंदर का दृश्य देखकर उनके होश उड़ गए—दोनों के शव रस्सी के फंदे पर लटके हुए थे। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दरवाजा तोड़कर अंदर दाखिल हुई। पुलिस ने दोनों शवों को नीचे उतारकर पंचनामा किया और पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। बाद में शवों को परिजनों को सौंप दिया गया। मौके से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है, जिससे आत्महत्या के पीछे की सटीक वजह स्पष्ट नहीं हो पाई है। हालांकि, पुलिस की प्रारंभिक जांच में आर्थिक तंगी को इस कदम का संभावित कारण माना जा रहा है। बताया जा रहा है कि गांव लौटने के बाद दोनों की आर्थिक स्थिति ठीक नहीं थी और वे रोजमर्रा की जरूरतों को पूरा करने में भी संघर्ष कर रहे थे।थाना प्रभारी कमलाकांत शुक्ला ने बताया कि मामले में मर्ग कायम कर लिया गया है और परिजनों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस हर एंगल से जांच कर रही है, ताकि आत्महत्या के पीछे की असली वजह सामने आ सके। Post Views: 28 Please Share With Your Friends Also Post navigation लिव इन पार्टनर ने प्रेमिका व उसकी मां की हत्या की, अब कोर्ट ने प्रेमी को सुनायी आजीवन कारावास की सजा