बालोद। जिले के डौंडीलोहारा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम चिल्हाटीखुर्द में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक पागल कुत्ते ने पूरे गांव में आतंक फैला दिया। इस हमले में एक 4 वर्षीय मासूम गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे इलाज के लिए रायपुर रेफर किया गया है। बच्चे की हालत नाजुक बताई जा रही है और उसका इलाज एक निजी अस्पताल में जारी है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, गांव निवासी ललित पाथरे का 4 साल का नाती नादित्य पाथरे अपने घर के बाहर खेल रहा था। इसी दौरान अचानक एक उग्र और संदिग्ध पागल कुत्ता वहां पहुंचा और बच्चे पर हमला कर दिया। कुत्ते ने बच्चे को जमीन पर गिराकर बेरहमी से काटना शुरू कर दिया। मासूम की चीख-पुकार से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया और आसपास के लोग दहशत में आ गए। बच्चे की दर्दनाक चीख सुनकर उसके दादा ललित पाथरे मौके पर पहुंचे और बिना अपनी जान की परवाह किए कुत्ते से भिड़ गए। उन्होंने साहस दिखाते हुए बच्चे को बचाने की कोशिश की। इस दौरान कुत्ते ने उन पर भी हमला करने का प्रयास किया, लेकिन वे किसी तरह खुद को बचाने में सफल रहे। बाद में ग्रामीणों की मदद से कुत्ते को खदेड़ा गया और बच्चे को उसके चंगुल से बाहर निकाला गया। घटना के तुरंत बाद घायल बच्चे को डौंडीलोहारा के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार किया गया। हालत गंभीर होने के कारण डॉक्टरों ने उसे राजनांदगांव मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। लेकिन स्थिति में सुधार न होने पर वहां से भी उसे रायपुर भेजा गया। फिलहाल रायपुर के एक निजी अस्पताल में उसका इलाज चल रहा है। डॉक्टरों का कहना है कि बच्चे की स्थिति स्थिर होने के बाद सर्जरी की जाएगी। ग्रामीणों के अनुसार, कुत्ते के हमले से बच्चे के सिर, चेहरा, नाक, कान, होंठ, हाथ और पैरों सहित शरीर के कुल 17 हिस्सों में गहरे जख्म आए हैं। चेहरे पर गंभीर चोटें होने के कारण बच्चे को काफी दर्द झेलना पड़ रहा है। इस घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है। बताया जा रहा है कि उसी कुत्ते ने गांव के 30 वर्षीय हुमन चंदेल, एक अन्य राहगीर और चार मवेशियों पर भी हमला किया। इससे ग्रामीणों में भय और आक्रोश दोनों देखने को मिल रहा है। Post Views: 22 Please Share With Your Friends Also Post navigation बालोद में मजिस्ट्रेट को मिली जान से मारने की धमकी, 3 करोड़ की फिरौती मांग, सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल…