कोंडागांव। छत्तीसगढ़ के कोंडागांव जिले से एक बेहद दर्दनाक और चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जहां बड़े राजपुर तहसील के ग्राम पंचायत किबड़ा में दो सगे भाई-बहन की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। इस घटना के बाद पूरे गांव में शोक और दहशत का माहौल है, वहीं परिजन भी सदमे में हैं।

जानकारी के अनुसार, रविवार सुबह कलेश्वरी शोरी (17), चैतन शोरी (14) और उनकी छोटी बहन कुमारी चिंता शोरी (12) की तबीयत अचानक बिगड़ गई। तीनों को एक साथ पेट दर्द और दस्त की शिकायत होने लगी। शुरुआत में परिजनों ने इसे सामान्य बीमारी समझकर गांव में ही स्थानीय स्तर पर इलाज कराया, लेकिन स्थिति में कोई सुधार नहीं हुआ।

हालत बिगड़ने पर परिजन तीनों बच्चों को जिला अस्पताल कोंडागांव ले जाने के लिए निकले। रास्ते में छोटी बहन चिंता की तबीयत में कुछ सुधार होने लगा, जिसके चलते उसे वापस घर पर ही छोड़ दिया गया। वहीं कलेश्वरी और चैतन को इलाज के लिए आगे ले जाया गया।

इस दौरान परिजन उन्हें ग्राम बड़बतर स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे, जहां मौजूद डॉक्टरों ने जांच के बाद कलेश्वरी शोरी को मृत घोषित कर दिया। यह सुनते ही परिजनों के होश उड़ गए। इसके बाद कलेश्वरी का शव वापस घर भेज दिया गया, जबकि चैतन की हालत गंभीर देखते हुए उसे तुरंत जिला अस्पताल कोंडागांव रेफर किया गया।जिला अस्पताल पहुंचने के कुछ ही घंटों बाद चैतन शोरी की भी मौत हो गई। इस तरह महज चार घंटे के भीतर एक ही परिवार के दो बच्चों की मौत ने पूरे गांव को झकझोर कर रख दिया है।

घटना के बाद से गांव में तरह-तरह की चर्चाएं और आशंकाएं सामने आ रही हैं।फिलहाल तीसरी बहन चिंता शोरी की स्थिति स्थिर बताई जा रही है, जिससे परिजनों को कुछ राहत मिली है। हालांकि इस पूरे मामले में मौत के असली कारणों का अब तक स्पष्ट खुलासा नहीं हो पाया है। प्राथमिक तौर पर फूड प्वाइजनिंग या किसी जहरीले पदार्थ के सेवन की आशंका जताई जा रही है, लेकिन इसकी पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और मेडिकल जांच के बाद ही हो सकेगी।

Please Share With Your Friends Also

By Chhattisgarh Kranti

हमारी कोशिश इस वेबसाइट के माध्यम से आप तक राजनीति, खेल, मनोरंजन, जॉब, व्यापार देश विदेश इत्यादि की ताजा और नियमित खबरें आप तक पहुंच सकें। नियमित खबरों के लिए जुड़े रहिए हमारे साथ। जय जोहार ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!