छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने चुनाव आयोग और संवैधानिक संस्थाओं को लेकर कांग्रेस नेता राहुल गांधी के बयानों पर भाजपा प्रदेश कार्यालय कुशाभाऊ ठाकरे परिसर में आयोजित पत्रकार वार्ता में कहा कि चुनाव आयोग के मुख्य चुनाव आयुक्त और दोनों चुनाव आयुक्तों के संयुक्त बयान के बाद कांग्रेस और विपक्षी गठबंधन के कई आरोपों पर स्थिति स्पष्ट हो गई है। उन्होंने राहुल गांधी और कांग्रेस से चुनाव आयोग तथा देश से माफी मांगने की मांग की। उन्होंने कांग्रेस के उन दावों को भी खारिज किया, जिनमें चुनाव आयोग के भीतर मतभेद की बात कही गई थी। साय के मुताबिक, कैबिनेट सचिव को लिखे गए जिस पत्र का एक अंग्रेजी अखबार की रिपोर्ट में उल्लेख किया गया है, वह किसी नीतिगत विषय या SIR से संबंधित नहीं था, बल्कि सामान्य प्रशासनिक विषय से जुड़ा था। मुख्यमंत्री ने कहा कि SIR और मतदाता सूची से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर सुप्रीम कोर्ट में भी सुनवाई हुई है। उन्होंने दावा किया कि फॉर्म-6 के घोषणापत्र सहित कई मुद्दों पर अदालत का रुख चुनाव आयोग के पक्ष में रहा है। साय ने कांग्रेस से संवैधानिक संस्थाओं पर आरोप लगाने के बजाय तथ्यों का सम्मान करने की अपील की। उन्होंने कहा कि चुनाव हारने के बाद कांग्रेस की ओर से कभी EVM, कभी चुनाव आयोग और कभी अन्य संवैधानिक संस्थाओं पर सवाल उठाए जाते हैं। साय ने कहा कि चुनाव आयोग के संयुक्त बयान के बाद कांग्रेस नेतृत्व को अपने आरोपों पर देश और संवैधानिक संस्थाओं से बिना शर्त माफी मांगनी चाहिए। मुख्यमंत्री ने छत्तीसगढ़ का उदाहरण देते हुए कहा कि वर्ष 2018 में कांग्रेस को राज्य में बहुमत मिला था और वर्तमान में भी उसके कई विधायक विधानसभा में हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि यदि कांग्रेस चुनाव प्रक्रिया को ही गलत मानती है तो उसके निर्वाचित जनप्रतिनिधियों को इस पर अपना रुख स्पष्ट करना चाहिए। मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि राहुल गांधी ने विदेशों में भारत की लोकतांत्रिक और संवैधानिक संस्थाओं को लेकर सवाल उठाए हैं। साय ने सर्जिकल स्ट्राइक को लेकर राहुल गांधी के पूर्व बयान का भी जिक्र किया और उसे आपत्तिजनक बताया। साय ने कहा कि कांग्रेस को चुनावी हार के बाद संवैधानिक संस्थाओं पर आरोप लगाने के बजाय लोकतांत्रिक प्रक्रिया और संस्थाओं में विश्वास बनाए रखना चाहिए। उन्होंने दावा किया कि लगातार ऐसे आरोप लगाने से कांग्रेस का जनाधार प्रभावित हो रहा है। Post Views: 5 Please Share With Your Friends Also Post navigation मरवाही में रोजगार मेला: 7 निजी कंपनियों ने निकालीं 478 रिक्तियां, 47 युवाओं को मौके पर मिले नियुक्ति पत्र झीरम घाटी कांड: एनआईए कोर्ट के फैसले के खिलाफ अब कोर्ट जाएगी कांग्रेस, राहुल गांधी से मुलाकात के बाद दीपक बैज का बड़ा बयान