अंबिकापुर। सरगुजा जिले के बतौली थाना क्षेत्र में पति-पत्नी के विवाद ने खूनी रूप ले लिया। पत्नी के चरित्र पर लगातार शक करने वाले पति की उसकी ही पत्नी ने बेरहमी से हत्या कर दी। आरोपी महिला ने गुस्से में ईंट, पत्थर और लकड़ी से पति पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल पति पूरी रात आंगन में पड़ा रहा। सुबह बेटे ने अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने आरोपी पत्नी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

बतौली थाना क्षेत्र के ग्राम कदनई के लोटाभवना निवासी नेतराम मझवार (45 वर्ष) अपनी पत्नी मानकुंवर के साथ रहता था। पुलिस के अनुसार नेतराम अक्सर पत्नी के चरित्र पर संदेह करता था और इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद होता रहता था।

शराब के नशे में फिर शुरू हुआ विवाद

26 जून की रात पति-पत्नी शराब पीकर घर लौटे थे। घर पहुंचने के बाद नेतराम ने एक बार फिर पत्नी के चरित्र पर सवाल उठाते हुए झगड़ा शुरू कर दिया। लगातार अपमान और विवाद से नाराज मानकुंवर अपना आपा खो बैठी।आरोप है कि उसने घर में रखी ईंट, पत्थर और लकड़ी से पति के सिर और शरीर के अन्य हिस्सों पर कई वार कर दिए। गंभीर चोट लगने से नेतराम मौके पर ही बेहोश होकर आंगन में गिर पड़ा।

रातभर घायल हालत में पड़ा रहा, सुबह अस्पताल में हुई मौत

घटना के बाद आरोपी महिला सो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल नेतराम पूरी रात आंगन में ही पड़ा रहा। अगले दिन गांव वालों ने बेटे सरोता मझवार को सूचना दी। वह मौके पर पहुंचा और घायल पिता को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बतौली लेकर गया, लेकिन जांच के बाद डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

पूछताछ में पत्नी ने कबूला जुर्म

बेटे की शिकायत पर बतौली पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। पूछताछ के दौरान आरोपी पत्नी मानकुंवर ने पति की हत्या करने की बात स्वीकार कर ली। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1) के तहत मामला दर्ज करते हुए न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है। पुलिस का कहना है कि प्रारंभिक जांच में हत्या की वजह पति द्वारा लगातार चरित्र पर संदेह कर विवाद करना सामने आया है। मामले की विस्तृत जांच जारी है।

Please Share With Your Friends Also

By Chhattisgarh Kranti

हमारी कोशिश इस वेबसाइट के माध्यम से आप तक राजनीति, खेल, मनोरंजन, जॉब, व्यापार देश विदेश इत्यादि की ताजा और नियमित खबरें आप तक पहुंच सकें। नियमित खबरों के लिए जुड़े रहिए हमारे साथ। जय जोहार ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!